देवसर विधायक राजेंद्र मेश्राम ने किया बरगवाँ के नवीन संयुक्त तहसील भवन का लोकार्पण
सिंगरौली जिले के देवसर विधानसभा क्षेत्र के बरगवाँ में नव निर्मित संयुक्त तहसील भवन का मंगलवार को विधिवत पूजा-अर्चना के साथ लोकार्पण किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि देवसर विधायक राजेंद्र मेश्राम ने फीता काटकर भवन का शुभारंभ किया और इसे क्षेत्रवासियों को समर्पित किया।
इस अवसर पर विधायक राजेंद्र मेश्राम ने उपस्थित नागरिकों, प्रबुद्धजनों एवं प्रशासनिक अधिकारियों से आत्मीय संवाद करते हुए क्षेत्र के विकास, जनसुविधाओं के सुदृढ़ीकरण तथा बेहतर प्रशासनिक व्यवस्था को लेकर सार्थक चर्चा की।
उन्होंने कहा कि नवीन संयुक्त तहसील भवन आमजन को एक ही स्थान पर अधिक सुगम, त्वरित एवं प्रभावी प्रशासनिक सेवाएँ उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। यह भवन क्षेत्र में सुशासन, जनकल्याण और विकास के संकल्प को और अधिक सशक्त करेगा।
कार्यक्रम में एसडीएम सौरभ मिश्रा, तहसीलदार दीपेंद्र सिंह तिवारी, सीएमओ अमित सिंह सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।