अटल सामुदायिक भवन बिलौंजी में 15,16 एवं 18 जून को जन कल्याण शिविर होगी आयोजित

अटल सामुदायिक भवन बिलौंजी में 15,16 एवं 18 जून को जन कल्याण शिविर होगी आयोजित

शिवर में पात्र हितग्राहियों को जन कल्याणकारी योजनाओं से किया जाएगा लाभान्वित

​सिंगरौली, 14 जून 2026। नगरीय क्षेत्र के आम नागरिकों को शासन की कल्याणकारी योजनाओं का सीधा लाभ पहुंचाने और उनकी समस्याओं का मौके पर ही निराकरण करने के उद्देश्य से सिंगरौली में विशेष शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। शासन द्वारा जारी निर्देशों के तहत आगामी 15, 16 एवं 18 जून 2026 को नगर पालिक निगम सिंगरौली क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले अटल सामुदायिक भवन, बिलौंजी में जिला स्तरीय जनकल्याणकारी शिविर आयोजित किए जाएंगे। प्रदेश भर के विभिन्न विकासखंडों और नगरीय निकायों में 12 जून से 18 जून तक इन शिविरों के आयोजन के निर्देश दिए गए हैं, जिसके अंतर्गत सिंगरौली में यह त्रि-दिवसीय शिविर लगाया जा रहा है। इन शिविरों का मुख्य उद्देश्य एक ही स्थान पर नागरिकों को विभिन्न शासकीय विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की पूरी जानकारी देना, पात्र हितग्राहियों से आवेदन फॉर्म भरवाना, उनकी समस्याओं का तत्काल निराकरण करना और योजनाओं का वास्तविक लाभ सुनिश्चित करना है।

​इसी सिलसिले में नगर निगम के डिप्टी कमिश्नर श्री आर. पी. बैस ने समस्त वार्ड प्रभारियों को कड़े निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने कहा है कि निर्धारित समय अनुसार दिनांक 15, 16 एवं 18 जून 2026 को अटल सामुदायिक भवन, बिलौंजी में जनकल्याणकारी शिविर का आयोजन किया गया है, अतः सभी वार्ड प्रभारी जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित सभी प्रकार के फॉर्म की पर्याप्त फोटोकॉपी लेकर उक्त तिथियों में सुबह 10:00 बजे से शाम 05:00 बजे तक अनिवार्य रूप से उपस्थित रहेंगे। डिप्टी कमिश्नर ने स्पष्ट किया है कि सभी वार्ड प्रभारी शिविर में रहकर मौके पर ही हितग्राहियों के फॉर्म भरवाना और उन्हें संबंधित पोर्टल पर दर्ज कराना सुनिश्चित करेंगे, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति लाभ से वंचित न रहे।

​इस महत्वपूर्ण पहल को लेकर नगर पालिक निगम सिंगरौली की आयुक्त श्रीमती सविता प्रधान ने क्षेत्र के सभी नागरिकों और जरूरतमंदों से विशेष अपील की है। उन्होंने कहा है कि आमजन अधिक से अधिक संख्या में बिलौंजी स्थित अटल सामुदायिक भवन के शिविर में पहुंचें। नागरिक अपनी समस्याओं का समाधान कराने के साथ-साथ शासन की विभिन्न हितग्राही मूलक और जनकल्याणकारी योजनाओं का सीधा लाभ उठाएं।