अनियंत्रित होकर डीजल से भरा टैंकर पलटा, चालक सुरक्षित

अनियंत्रित होकर डीजल से भरा टैंकर पलटा, चालक सुरक्षित

सिंगरौली। जिले के जयंत क्षेत्र स्थित इंडियन ऑयल डिपो से डीजल लेकर शासन की ओर जा रहा एक तेल टैंकर शुक्रवार को तीन नंबर गेट के पास अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में चालक बाल-बाल बच गया, जबकि टैंकर में भरा डीजल खेत में बह गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, इंडियन ऑयल डिपो से डीजल लोड कर निकला टैंकर जैसे ही तीन नंबर गेट के समीप पहुंचा, सामने से तेज गति से आ रहे एक ट्रेलर को बचाने के प्रयास में चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया। इसके बाद टैंकर सड़क से उतरकर खेत में पलट गया।
हादसे के चलते टैंकर में भरा अधिकांश डीजल खेत में फैल गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। गनीमत रही कि इस दुर्घटना में चालक को कोई गंभीर चोट नहीं आई और वह सुरक्षित बच गया।

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं दुर्घटना के बाद कुछ समय तक क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल रहा। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों के कारण आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं, ऐसे में यातायात व्यवस्था को और अधिक सख्त किए जाने की आवश्यकता है।