बारिश में जलभराव रोकना पहली प्राथमिकता, महापौर ने स्वच्छता अमले को किया अलर्ट
रात्रिकालीन टास्क फोर्स गठन के निर्देश, नालियों की सफाई, फॉगिंग और 24×7 मॉनिटरिंग पर जोर
सिंगरौली। नगर पालिक निगम सिंगरौली की महापौर श्रीमती रानी अग्रवाल ने गुरुवार को निगम कार्यालय में स्वच्छता विभाग की समीक्षा बैठक लेकर वर्षा ऋतु के दौरान शहर की साफ-सफाई एवं जल निकासी व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बारिश के मौसम में नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए और सभी अधिकारी पूरी जिम्मेदारी के साथ कार्य करें।
महापौर ने शहर की मुख्य नालियों, उपनालियों एवं कॉलोनियों की नालियों की नियमित सफाई कराने तथा निकाली गई गाद और कचरे का तत्काल उठाव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही मच्छरों और संक्रामक बीमारियों की रोकथाम के लिए संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित फॉगिंग एवं कीटनाशक दवा के छिड़काव पर विशेष जोर दिया।
जलभराव की आशंका वाले क्षेत्रों की समीक्षा करते हुए उन्होंने प्रत्येक वार्ड में पांच-पांच कर्मचारियों की रात्रिकालीन टास्क फोर्स गठित करने के निर्देश दिए। सभी टीमों को टॉर्च, रेनकोट एवं छाता उपलब्ध कराने तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल मौके पर पहुंचकर कार्रवाई करने को कहा गया। वाहन प्रभारी को जेसीबी मशीन 24 घंटे उपलब्ध रखने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में सीटाडेल प्रबंधन को घर-घर से नियमित कचरा संग्रहण सुनिश्चित करने और सभी कचरा वाहनों में जनजागरूकता संबंधी जिंगल प्रसारित करने के निर्देश दिए गए। वहीं आईसीसी टीम को लगातार फील्ड में रहकर स्वच्छता व्यवस्था की निगरानी करने तथा सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को 24×7 मोबाइल फोन चालू रखने के निर्देश दिए गए।
बैठक में मेयर इन काउंसिल सदस्य खुर्शीद आलम, अंजना शाह, शिवकुमारी कुशवाहा, स्वास्थ्य अधिकारी बी.जी. चतुर्वेदी, इंडिपेंडेंट इंजीनियर चौधरी सत्यप्रकाश, सीटाडेल प्रबंधक रावेंद्र सिंह एवं आईसीसी से नितेश सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
