सख्त चेकिंग अभियान: सिंगरौली में स्कूल व यात्री बसों पर कार्रवाई, नियम उल्लंघन पर तुरंत चालान
सिंगरौली जिले में सड़क सुरक्षा और यात्री संरक्षण को प्राथमिकता देते हुए परिवहन विभाग द्वारा स्कूल बसों एवं यात्री बसों पर संयुक्त सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। यह अभियान परिवहन आयुक्त उमेश जोगा के निर्देशों के तहत संचालित हो रहा है, जिसमें आरटीओ चेक पॉइंट प्रभारी विभा उइके एवं उनकी टीम सक्रिय रूप से कार्रवाई कर रही है।अभियान के दौरान बसों के फिटनेस सर्टिफिकेट, परमिट, बीमा, ड्राइविंग लाइसेंस और प्रदूषण प्रमाणपत्र (PUC) की गहन जांच की जा रही है। बिना वैध दस्तावेजों के संचालित वाहनों पर मौके पर ही चालान किया जा रहा है। साथ ही पैनिक बटन, फर्स्ट एड बॉक्स, फायर एक्सटिंग्विशर, आपातकालीन खिड़की और स्पीड गवर्नर जैसे सुरक्षा उपकरणों की अनिवार्यता भी सुनिश्चित की जा रही है।
प्रशासन द्वारा प्रदूषण नियंत्रण के मानकों को सख्ती से लागू किया गया है। बिना PUC या अत्यधिक धुआं छोड़ने वाले वाहनों को तुरंत रोका जा रहा है। स्कूल बसों में ओवरलोडिंग पर विशेष निगरानी रखी जा रही है, जबकि यात्री बसों में निर्धारित क्षमता से अधिक सवारियां मिलने पर सख्त कार्रवाई की जा रही है।चेकिंग के दौरान कई वाहनों में अनियमितताएं सामने आईं, जैसे बिना फिटनेस संचालन, ओवरलोडिंग और सुरक्षा उपकरणों की कमी। ऐसे मामलों में तत्काल चालान काटकर संचालकों को कड़ी चेतावनी दी गई है। ड्राइवरों के लाइसेंस और उनकी नशामुक्त स्थिति की भी जांच की जा रही है। “जीरो टॉलरेंस” नीति के तहत नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जा रही है।आरटीओ टीम ने स्कूल प्रबंधन और बस संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि सभी सुरक्षा मानकों का पालन करें, अन्यथा संस्थान या संचालक के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
प्रभारी विभा उइके ने बताया कि यह अभियान लगातार जारी रहेगा और सुरक्षा के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। प्रशासन का मानना है कि इस सख्त चेकिंग अभियान से सड़क दुर्घटनाओं में कमी आएगी, बच्चों एवं यात्रियों की सुरक्षा मजबूत होगी और जिले की परिवहन व्यवस्था अधिक अनुशासित व विश्वसनीय बनेगी।