कलेक्टर ने सोन नदी में स्थापित बैढ़न 2 समूह जल प्रदाय योजना अंतर्गत प्रमुख घटकों का किया निरीक्षण
निरीक्षण के दौरान ग्राम ठठरा सोन नदी में स्थापित इंटेक वैल एवं जल शोधन संयंत्र देवरा का किया अवलोकन
कलेक्टर ने लिया ‘हर घर जल’ योजना का जायजा खुद पीया पानी
सिंगरौली 22 अप्रैल 2026 / कलेक्टर श्री गौरव बैनल ने म. प्र. जल निगम द्वारा संचालित बैढ़न 2 समूह जल प्रदाय योजना की प्रगति की समीक्षा हेतु स्थल निरीक्षण किया । निरीक्षण के दौरान परियोजना के प्रमुख घटकों जैसे इंटेक वेल, जल शोधन संयंत्र तथा उन ग्रामों का दौरा किया गया, जहाँ नियमित रूप से पेयजल आपूर्ति प्रारंभ हो चुकी है। कलेक्टर द्वारा योजना अंतर्गत निर्मित जल परीक्षण प्रयोगशाला का भी निरीक्षण किया गया, जहाँ जल के नमूनों की निर्धारित मानकों के अनुसार विभिन्न गुणवत्ता पैरामीटर पर जांच की जाती है।
उन्होंने निरीक्षण के दौरान चितरंगी क्षेत्रांतर्गत के ग्राम ठठरा सोन नदी में स्थापित इंटेक वैल का भी अवलोकन किया । तथा ग्राम देवरा में स्थापित जल शोधन संयंत्र का भी अवलोकन कर पेयजल की शुद्धता की बारीकियों के संबंध में जानकारी ली । वहीं जल जीवन मिशन के तहत शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराए जाने हेतु लगाए गए नल कनेक्शन के माध्यम से प्रदाय होने वाले पानी का जायजा लिया तथा ग्राम पोड़ी में छोटे लाल शाह के घर में लगे नल कनेक्शन को चालू कर जल ग्रहण कर जल के शुद्धता को जांचा। उन्होंने ग्राम पंचायत पोड़ी में पहुंच कर ग्राम जल एवं स्वच्छता समिति के सदस्यों को चर्चा करते हुए निर्देश दिए कि शुद्ध पेयजल के संबंध आम जनमानस को जागरूक करें। वहीं सम्बंधित विभाग के जीएम को भी निर्देश दिए कि शेष कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने एवं परियोजना अंतर्गत सभी ग्रामों को निर्धारित समय-सीमा में जल प्रदाय प्रारम्भ कराए। निरीक्षण के दौरान म. प्र. जल निगम के महाप्रबंधक पंकज वाधवानी , प्रबंधक विजय त्रिपाठी एवं जल निगम के इंजीनियर संबंधित ठेकेदार संस्था के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।