अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर मायाराम महाविद्यालय में हुआ योग कार्यक्रम का आयोजन
छात्र-छात्राओं और स्टाफ ने किया सामूहिक योगाभ्यास, डायरेक्टर बद्री नारायण बैस ने योग को अपनाने का दिया संदेश
सिंगरौली। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर मायाराम महाविद्यालय, सिंगरौली परिसर में योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं एवं समस्त स्टाफ सदस्यों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए विभिन्न योगासन और प्राणायाम का अभ्यास किया।
कार्यक्रम का आयोजन महाविद्यालय के डायरेक्टर श्री बद्री नारायण बैस के मार्गदर्शन एवं निर्देशन में किया गया। योग प्रशिक्षकों के निर्देशन में प्रतिभागियों ने ताड़ासन, वृक्षासन, भुजंगासन, वज्रासन सहित विभिन्न योग मुद्राओं का अभ्यास किया तथा प्राणायाम के माध्यम से शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के महत्व को समझा।
इस अवसर पर डायरेक्टर श्री बैस ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है। नियमित योगाभ्यास से व्यक्ति शारीरिक रूप से स्वस्थ, मानसिक रूप से संतुलित और भावनात्मक रूप से सशक्त बनता है। उन्होंने विद्यार्थियों एवं स्टाफ सदस्यों से योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी प्रतिभागियों ने स्वस्थ, संतुलित एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने तथा नियमित योग करने का संकल्प लिया।
योग कार्यक्रम के सफल आयोजन में महाविद्यालय के शिक्षकों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। कार्यक्रम का समापन सामूहिक ध्यान और स्वास्थ्य जागरूकता संदेश के साथ किया गया।
