जनसेवा और संघर्ष की विरासत को नमन: सिंगरौली के ‘भीष्म पितामह’ पं. श्यामकार्तिक दुबे को भावभीनी श्रद्धांजलि

जनसेवा और संघर्ष की विरासत को नमन: सिंगरौली के ‘भीष्म पितामह’ पं. श्यामकार्तिक दुबे को भावभीनी श्रद्धांजलि

पुण्यतिथि पर कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने किया स्मरण, सिद्धांतों और जनकल्याण के प्रति उनके समर्पण को बताया प्रेरणास्रोत

 

सिंगरौली। सिंगरौली के प्रथम विधायक एवं पांच बार विधानसभा का प्रतिनिधित्व करने वाले वरिष्ठ जननेता स्वर्गीय पंडित श्यामकार्तिक दुबे की पुण्यतिथि पर मंगलवार को परसौना में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। जिले के कांग्रेस नेताओं, कार्यकर्ताओं एवं समाजसेवियों ने उनके छायाचित्र पर पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी तथा उनके राजनीतिक, सामाजिक और जनसेवा से जुड़े योगदानों को स्मरण किया।

श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि स्व. पं. श्यामकार्तिक दुबे सिंगरौली की राजनीति के ऐसे व्यक्तित्व थे, जिन्होंने अपने संघर्ष, सिद्धांतों और जनसेवा के बल पर जनता के बीच विशिष्ट पहचान बनाई। समाजवादी विचारधारा के प्रखर समर्थक रहे पं. दुबे लगातार पांच बार विधायक निर्वाचित हुए और उन्होंने सिंगरौली की जनता की आवाज को सदन तक पहुंचाया। उनके निष्कलंक राजनीतिक जीवन, सादगी और जनसरोकारों के कारण उन्हें सिंगरौली की राजनीति का ‘भीष्म पितामह’ कहा जाता है।

वक्ताओं ने बताया कि पं. श्यामकार्तिक दुबे ने वर्ष 1952 से 1967 तक सोशलिस्ट पार्टी के प्रत्याशी के रूप में लगातार चार बार विधानसभा चुनाव जीतकर क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया। इसके बाद वर्ष 1972 से 1977 तक कांग्रेस विधायक के रूप में मध्यप्रदेश विधानसभा पहुंचे। इससे पूर्व वे विंध्य प्रदेश विधानसभा मंडल में महाराजा रीवा समिति के सदस्य भी रहे।

16 जून 2015 को 96 वर्ष की आयु में उनका निधन हो गया था, लेकिन आज भी क्षेत्र के विकास और जनहित में दिए गए उनके योगदान को सम्मान और आदर के साथ याद किया जाता है।

कार्यक्रम में वरिष्ठ कांग्रेस नेता पं. राम अशोक शर्मा, पूर्व जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष अरविन्द सिंह चन्देल, किसान कांग्रेस अध्यक्ष मनोज दुबे, कामगार कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष अनिल सिंह, पिछड़ा वर्ग कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष रामशिरोमणि शाहवाल, जिला संगठन प्रभारी सुरेश दुबे, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष नवानगर पंकज पाण्डेय, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष शासन देवपति सिंह बैस, सेवादल कांग्रेस अध्यक्ष विद्यासागर बैस, किसान कांग्रेस उपाध्यक्ष नन्द किशोर सिंह सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन, समाजसेवी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थितजनों ने स्व. पं. श्यामकार्तिक दुबे के आदर्शों को आत्मसात करते हुए जनसेवा और सामाजिक सरोकारों के प्रति समर्पित रहने का संकल्प लिया।