शासकीय पॉलीटेक्निक कॉलेज वैढ़न में एलुमनी मीट 2.0 की तैयारियां अंतिम चरण में
1983 से अब तक के पूर्व छात्र होंगे शामिल, वर्तमान विद्यार्थियों के साथ साझा करेंगे अनुभव और तकनीकी ज्ञान
वैढ़न, सिंगरौली। शासकीय पॉलीटेक्निक कॉलेज, वैढ़न में आगामी 28 जून 2026 को आयोजित होने वाले ‘एलुमनी मीट 2.0’ की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। आयोजन समिति एवं एलुमनी एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने महाविद्यालय परिसर का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और विभिन्न तैयारियों की समीक्षा की।
वर्ष 1983 में स्थापित शासकीय पॉलीटेक्निक कॉलेज, वैढ़न ने तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देते हुए हजारों विद्यार्थियों को कुशल अभियंता, तकनीशियन और जिम्मेदार नागरिक के रूप में समाज को दिया है। चार दशकों से अधिक की इस गौरवशाली यात्रा में संस्थान के पूर्व विद्यार्थियों ने देश-प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है।
इन्हीं पूर्व विद्यार्थियों को एक सशक्त मंच पर जोड़ने तथा उनके अनुभव, ज्ञान और उपलब्धियों का लाभ वर्तमान विद्यार्थियों तक पहुंचाने के उद्देश्य से वर्ष 2026 में शासकीय पॉलीटेक्निक कॉलेज वैढ़न एलुमनी एसोसिएशन का गठन किया गया है।
एलुमनी मीट 2.0 के माध्यम से पूर्व छात्रों, वर्तमान विद्यार्थियों और संस्थान के बीच संवाद, सहयोग और विकास की नई संभावनाओं को बढ़ावा दिया जाएगा। सम्मेलन के दौरान पूर्व छात्र अपने शैक्षणिक एवं व्यावसायिक अनुभव साझा करेंगे, जिससे विद्यार्थियों को करियर मार्गदर्शन, प्रशिक्षण, इंटर्नशिप और रोजगार संबंधी अवसरों की जानकारी प्राप्त होगी।
एलुमनी एसोसिएशन के अध्यक्ष सजन अग्रवाल ने बताया कि यह आयोजन संस्थान को व्यापक स्वरूप प्रदान करने और पूर्व छात्रों को कॉलेज के विकास कार्यों से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि एलुमनी एसोसिएशन पूर्व छात्रों और संस्थान के बीच एक मजबूत सेतु का कार्य कर रही है।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में वर्ष 1983 बैच के पूर्व छात्र एवं एलुमनी एसोसिएशन के प्रमुख संरक्षक आनंद सिंह, जो वर्तमान में एमपीयूडीसी, भोपाल में प्रमुख अभियंता के पद पर कार्यरत हैं, उपस्थित रहेंगे।
कार्यक्रम के दौरान भारत रत्न सर एम. विश्वेश्वरैया की प्रतिमा का अनावरण किया जाएगा, जिसकी स्थापना पूर्व छात्र संगठन के सहयोग से की गई है। इसके साथ ही महाविद्यालय की स्मारिका, वेबसाइट एवं एलुमनी एसोसिएशन पोर्टल का भी लोकार्पण किया जाएगा।
सम्मेलन में सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, पूर्व छात्रों के वीडियो संदेश, पुराने फोटोग्राफ्स का प्रदर्शन तथा महाविद्यालय में आयोजित खेलकूद प्रतियोगिता ‘उमंग’ के विजेता विद्यार्थियों को सम्मानित करने का कार्यक्रम भी शामिल रहेगा।
एलुमनी एसोसिएशन के सचिव एवं महाविद्यालय के प्राचार्य कैलाश तंतुवे ने इस आयोजन को संस्थान के समग्र विकास की दिशा में एक सकारात्मक पहल बताते हुए सभी पूर्व छात्रों से अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता सुनिश्चित करने की अपील की है
