28 जून को होगा राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान, 2.12 लाख बच्चों को पिलाई जाएगी पोलियो की खुराक

28 जून को होगा राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान, 2.12 लाख बच्चों को पिलाई जाएगी पोलियो की खुराक

सिंगरौली। जिले में 28 जून को राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान का आयोजन किया जाएगा। अभियान के तहत जन्म से पांच वर्ष तक की आयु के 2 लाख 12 हजार 31 बच्चों को पोलियो की दो बूंद पिलाने का लक्ष्य रखा गया है। इस संबंध में जिला स्तरीय कार्ययोजना कार्यशाला का आयोजन मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पुष्पराज सिंह ठाकुर की अध्यक्षता में किया गया।
जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. पंकज सिंह ने बताया कि 28 जून को बूथ स्तर पर बच्चों को पोलियो की खुराक दी जाएगी, जबकि 29 और 30 जून को स्वास्थ्य कार्यकर्ता घर-घर पहुंचकर छूटे हुए बच्चों को दवा पिलाएंगे। अभियान के लिए जिले में कुल 1174 पोलियो बूथ बनाए गए हैं तथा 2626 वैक्सीनेटर और 146 सुपरवाइजरों की तैनाती की गई है।
उन्होंने बताया कि बूथों पर स्वच्छ पेयजल और छायादार व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। आशा एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को अधिक से अधिक बच्चों को बूथ तक लाने के लिए जनजागरूकता अभियान चलाने को कहा गया है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. ठाकुर ने निर्देश दिए कि किसी भी स्तर पर वैक्सीन या अन्य आवश्यक सामग्री की कमी न हो तथा कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित न रहे। कार्यशाला में स्वास्थ्य विभाग, डब्ल्यूएचओ, यूनिसेफ तथा अन्य संबंधित संस्थाओं के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।