कोरसर के वरिष्ठ व्यवसायी तुलसी जायसवाल का निधन, क्षेत्र में शोक की लहर
सिंगरौली। जिले की चितरंगी तहसील अंतर्गत ग्राम पंचायत कोरसर के वरिष्ठ व्यवसायी एवं समाजसेवी तुलसी जायसवाल का 68 वर्ष की आयु में लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया। उनके निधन से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर व्याप्त है।
परिजनों के अनुसार तुलसी जायसवाल लंबे समय से शुगर (मधुमेह) की गंभीर बीमारी से पीड़ित थे। बीमारी बढ़ने के कारण उनकी किडनी भी प्रभावित हो गई थी। बेहतर उपचार के लिए परिवार द्वारा वाराणसी से लेकर नागपुर तक विभिन्न अस्पतालों में इलाज कराया गया, लेकिन उनके स्वास्थ्य में अपेक्षित सुधार नहीं हो सका।
बताया गया कि 13 जून दिन शनिवार को दोपहर लगभग 12:30 बजे परिजनों से बातचीत के दौरान ही उनकी अचानक तबीयत बिगड़ी और उनका निधन हो गया। जैसे ही उनके निधन की सूचना गांव और आसपास के क्षेत्रों में पहुंची, शोक की लहर दौड़ गई।
ग्रामीणों ने बताया कि तुलसी जायसवाल सरल, सौम्य, मिलनसार एवं उदार व्यक्तित्व के धनी थे। उन्होंने अपने व्यवहार और सामाजिक सरोकारों से क्षेत्र में विशेष पहचान बनाई थी। उनके असामयिक निधन को परिवार ही नहीं, बल्कि पूरे गांव के लिए अपूरणीय क्षति माना जा रहा है।
निधन की खबर मिलते ही उनके अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण, शुभचिंतक, व्यापारी एवं सामाजिक जनप्रतिनिधि उनके निवास पहुंचने लगे। शोकाकुल वातावरण में लोगों ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित कर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।