महापौर रानी अग्रवाल की नाकामी का प्रतीक बना मोरवा का आरो वाटर एटीएम
भीषण गर्मी में पानी के लिए तरस रहे लोग 3 वर्ष से खराब पड़ा है आरो वाटर एटीएम
सिंगरौली। जिले के मोरवा स्थित पुरानी सब्जी मंडी में लाखों रुपये की लागत से स्थापित किया गया वाटर आरओ प्लांट एवं वाटर एटीएम लोगों के लिए सुविधा बनने के बजाय शोपीस बनकर रह गया है। स्थानीय नागरिकों के अनुसार प्लांट शुरू होने के महज एक सप्ताह बाद ही खराब हो गया था और तब से लेकर आज तक उस पर ताला लटका हुआ है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि भीषण गर्मी के इस दौर में जहां राहगीर, मजदूर, दुकानदार और बाजार क्षेत्र में आने-जाने वाले लोग ठंडे एवं स्वच्छ पेयजल के लिए परेशान हैं, वहीं सार्वजनिक सुविधा के रूप में स्थापित यह वाटर एटीएम वर्षों से बंद पड़ा है। नागरिकों ने आरोप लगाया कि लगभग दो वर्ष बीत जाने के बावजूद नगर निगम प्रशासन, जनप्रतिनिधियों और संबंधित अधिकारियों का इस ओर कोई ध्यान नहीं गया।
लोगों का दावा है कि प्लांट की अधिकांश मशीनरी खराब हो चुकी है। नागरिकों ने सवाल उठाया कि लाखों रुपये की लागत से स्थापित किया गया वाटर एटीएम आखिर एक सप्ताह के भीतर कैसे खराब हो गया। कुछ लोगों ने निर्माण एवं उपकरणों की गुणवत्ता पर भी सवाल खड़े करते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
स्थानीय नागरिकों ने नगर निगम के साथ-साथ क्षेत्र के सांसद, विधायक, महापौर और पार्षदों के प्रति भी नाराजगी व्यक्त की। उनका कहना है कि चुनाव के दौरान विकास और मूलभूत सुविधाओं के बड़े-बड़े वादे किए गए थे, लेकिन मोरवा क्षेत्र की समस्याओं की ओर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
नागरिकों ने मांग की है कि बंद पड़े वाटर आरओ प्लांट की तकनीकी जांच कराकर उसे शीघ्र चालू कराया जाए, ताकि गर्मी के मौसम में लोगों को स्वच्छ पेयजल की सुविधा उपलब्ध हो सके। साथ ही उन्होंने सार्वजनिक धन से निर्मित इस परियोजना की स्थिति की जिम्मेदारी तय करने की भी मांग उठाई है।