सतना सांसद गणेश सिंह ने जताया गहरा शोक
चित्रकूट विधानसभा के पूर्व विधायक श्री गणेश बारी जी के निधन उपरांत उनके गृह निवास, ग्राम पंचायत चिताहरा पहुँचकर पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
चित्रकूट विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक श्री गणेश बारी जी का सम्पूर्ण जीवन संघर्ष, समर्पण और जनसेवा की उत्कृष्ट मिसाल रहा, जिसने उन्हें जन-जन के बीच एक सम्मानित और प्रेरणास्रोत व्यक्तित्व के रूप में स्थापित किया।
सतना। चित्रकूट विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक श्री गणेश बारी का आज दुखद निधन हो गया। वे पिछले एक सप्ताह से रीवा सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल में उपचाररत थे। आज अचानक उनकी तबीयत बिगड़ने के बाद उनका निधन हो गया।
सतना लोकसभा क्षेत्र के सांसद गणेश सिंह ने उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि श्री गणेश बारी ने सतना जिले की राजनीति में एक अनोखी मिसाल कायम की थी। अत्यंत गरीब परिवार में जन्म लेकर चित्रकूट जैसे महत्वपूर्ण विधानसभा क्षेत्र से विधायक निर्वाचित होना भारतीय लोकतंत्र की मजबूती का प्रमाण है।
सांसद गणेश सिंह ने कहा कि श्री बारी का पूरा जीवन गरीब, वंचित और जरूरतमंद लोगों के अधिकारों के लिए संघर्ष करते हुए बीता। उनके निधन से समाज और क्षेत्र ने एक समर्पित जननेता को खो दिया है।
सांसद ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिवारजनों को इस अपार दुःख को सहने की शक्ति प्रदान करने की कामना की।