वार्ड 41 में नल-जल पाइपलाइन पर गंभीर अनियमितताओं का आरोप

वार्ड 41 में नल-जल पाइपलाइन पर गंभीर अनियमितताओं का आरोप
पार्षद गौरी अर्जुन दास गुप्ता ने आयुक्त से की त्वरित जांच व कार्रवाई की मांग

सिंगरौली 26 फरवरी। नगर पालिका निगम के वार्ड क्रमांक 41 गनियारी स्थित इलाजी कॉलोनी में नल-जल योजना के कार्यों को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
वार्ड की पार्षद गौरी अर्जुन दास गुप्ता ने आयुक्त को पत्र लिखकर आरोप लगाया है कि योजना के तहत बिछाई गई पाइपलाइन कई स्थानों पर मानकों के विपरीत नाली के अंदर से गुजारी गई है। इससे भविष्य में दूषित पानी की आपूर्ति का खतरा उत्पन्न हो सकता है, जो आमजन के स्वास्थ्य के लिए गंभीर समस्या बन सकता है। पार्षद ने बताया कि अंबेडकर चौराहा से लेकर प्रधानमंत्री आवास तक तथा बीजपुर रोड पर पाइपलाइन डालने के बाद मुख्य मार्ग की समुचित मरम्मत नहीं कराई गई। सड़क जगह-जगह से उखड़ी हुई है और गड्ढों में तब्दील हो गई है, जिससे आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। उन्होंने हाल ही में अन्य शहरों में दूषित जल से हुई घटनाओं का उल्लेख करते हुए आशंका जताई कि यदि समय रहते सुधार नहीं किया गया तो बड़ी समस्या उत्पन्न हो सकती है। पार्षद गौरी अर्जुन दास गुप्ता ने मांग की है कि नाली के भीतर डाली गई पाइपलाइन को तत्काल हटवाया जाए, सड़क की गुणवत्तापूर्ण मरम्मत कराई जाए तथा संबंधित ठेकेदार के विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।