स्वच्छता केवल ननि की जिम्मेदारी नही, बल्कि प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है

स्वच्छता केवल ननि की जिम्मेदारी नही, बल्कि प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है
साफ.-सफाई व्यवस्था मजबूत करने नगर निगम की पहल, सामाजिक संस्थाओं व धर्मगुरुओं की बैठक आयोजित

सिंगरौली 25 फरवरी। शहर की साफ.-सफाई व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से नगर निगम सभागार में ननि आयुक्त सविता प्रधान के नेतृत्व में धर्मगुरुओं, सामाजिक संस्थाओं तथा विभिन्न संगठनों की बैठक आयोजित हुई। बैठक में नगर की स्वच्छता व्यवस्था की वर्तमान स्थिति की समीक्षा करते हुए आगामी कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक के दौरान उपस्थित सभी प्रतिनिधियों ने आपसी परिचय के साथ स्वच्छता को जनभागीदारी से सफल बनाने पर जोर दिया और नगर निगम के साथ मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया। शहर में साफ.-सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने, वर्तमान व्यवस्थाओं की कमियों तथा भविष्य में किए जाने वाले सुधारात्मक उपायों पर खुलकर विचार-विमर्श किया गया। बैठक उपस्थित प्रतिनिधियों ने कहा कि स्वच्छता केवल ननि की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सहभागिता से ही संभव है। उन्होंने लोगों से अपने घर और परिवार से स्वच्छता की शुरुआत करने की अपील की। बैठक में इमरान खान, सुखदेव सिंह, डॉ. एनपी मिश्र, एसडी गर्ग व राजेश नारायण, युवा डॉ. सुमित गुप्ता सहित अन्य मौजूद रहे।
कचरा संग्रहण व्यवस्था को नियमित करें
बैठक में सुझाव दिया गया कि नगर निगम के प्रत्येक वार्ड के लिए अलग-अलग गु्रप बनाए जाएं, जिनमें संबंधित वार्ड के पार्षद, निगम अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल रहें। इन समूहों के माध्यम से वार्ड स्तर की समस्याओं जैसे गंदगी, कचरा वाहन का समय पर न पहुंचना या अन्य व्यवस्थागत कमियां की जानकारी तत्काल साझा कर त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जा सके। इसके साथ ही डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण व्यवस्था को नियमित और प्रभावी बनाने पर विशेष जोर दिया गया। कचरा संग्रहण शुल्क समय पर लेने तथा सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फैलाने वालों के विरुद्ध जुर्माना एवं सख्त कार्रवाई करने की आवश्यकता भी बैठक में बताई गई।