वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दिए कृषक कल्याण वर्ष के निर्देश

वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दिए कृषक कल्याण वर्ष के निर्देश
——-
किसानों के कल्याण के लिए मिशन मोड में कार्य करें – मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव
——–
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि किसानों का जीवन संवारना राज्य सरकार का दायित्व है और किसानों का समग्र कल्याण सरकार के लिए एक मिशन है। वर्ष 2026 को कृषक कल्याण वर्ष घोषित किया गया है, जिसके अंतर्गत सभी जिलों में योजनाओं का प्रभावी और परिणामोन्मुख क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए। मुख्यमंत्री शनिवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश के सभी कमिश्नर्स एवं कलेक्टर्स को संबोधित कर रहे थे।
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि कृषक कल्याण वर्ष के दौरान किसान रथ निकाले जाएं तथा किसानों से सतत संवाद स्थापित किया जाए। उन्होंने ग्रीष्मकालीन मूंग के स्थान पर उड़द एवं मूंगफली के अधिकाधिक उत्पादन को प्रोत्साहित करने, दलहनी एवं तिलहनी फसलों का रकबा बढ़ाने, प्राकृतिक एवं जैविक खेती को बढ़ावा देने के निर्देश दिए। साथ ही कृषि गतिविधियों की नियमित मॉनिटरिंग, कृषि उपज मंडियों का सतत भ्रमण तथा कृषि उत्पादों के मूल्य संवर्धन और विपणन पर विशेष ध्यान देने को कहा।
मुख्यमंत्री ने पराली/नरवाई जलाने की घटनाओं पर सख्ती से रोक लगाने, जिलेवार नरवाई प्रबंधन योजना बनाने तथा खेत से निकलने वाले भूसे को गौशालाओं तक पहुंचाने के निर्देश दिए। उन्होंने दुग्ध उत्पादन बढ़ाने के लिए पशुपालकों को नस्ल सुधार, पशु पोषण एवं पशु स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने पर भी जोर दिया।
मुख्यमंत्री ने कलेक्टर्स को कृषक कल्याण वर्ष की तय कार्य योजना को फील्ड में प्रभावी रूप से लागू करने, विशेष अभियान चलाने, नए हितग्राहियों को जोड़ने तथा नवाचारी गतिविधियों को अपनाने के निर्देश दिए।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में एनआईसी सीधी से कलेक्टर श्री स्वरोचिष सोमवंशी एवं संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

No comments yet

Be the first to comment.