मानव सेवा की मिसाल: रेडक्रॉस ने सिंगरौली रेलवे स्टेशन पर उपलब्ध कराई व्हीलचेयर
सिंगरौली। इंडियन रेड क्रॉस सोसायटी, सिंगरौली द्वारा संचालित जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्र (DDRC) के माध्यम से सिंगरौली रेलवे स्टेशन पर दिव्यांगजनों, वरिष्ठ नागरिकों एवं अन्य जरूरतमंद यात्रियों की सुविधा के लिए व्हीलचेयर उपलब्ध कराई गई। इस पहल से स्टेशन पर आने-जाने वाले दिव्यांग एवं असहाय यात्रियों को आवागमन में विशेष सहूलियत मिलेगी।
यह सेवा इंडियन रेड क्रॉस सोसायटी के प्रेसिडेंट एवं जिला कलेक्टर श्री गौरव बैनल के मार्गदर्शन तथा रेड क्रॉस सोसायटी के अध्यक्ष श्री एस. डी. सिंह के दिशा-निर्देशन में प्रदान की गई। रेडक्रॉस सोसायटी द्वारा उपलब्ध कराई गई व्हीलचेयर रेलवे स्टेशन प्रशासन को सौंपते हुए यात्रियों की सुविधा और सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को दोहराया गया।
इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों एवं समाजसेवियों ने कहा कि दिव्यांगजनों को मुख्यधारा से जोड़ना तथा उन्हें सम्मानपूर्वक जीवन जीने के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना समाज का दायित्व है। रेलवे स्टेशन जैसे सार्वजनिक स्थलों पर व्हीलचेयर की उपलब्धता से दिव्यांगजन, वृद्धजन और अस्वस्थ यात्रियों को यात्रा के दौरान होने वाली कठिनाइयों से काफी राहत मिलेगी।
रेड क्रॉस सोसायटी लंबे समय से मानव सेवा, स्वास्थ्य सहायता एवं जनकल्याण के क्षेत्र में महत्वपूर्ण कार्य कर रही है। संस्था द्वारा समय-समय पर समाज के कमजोर एवं जरूरतमंद वर्गों के लिए विभिन्न सेवा गतिविधियों का संचालन किया जाता रहा है। सिंगरौली रेलवे स्टेशन पर व्हीलचेयर उपलब्ध कराने की यह पहल भी उसी कड़ी का एक महत्वपूर्ण प्रयास है।
स्थानीय नागरिकों एवं यात्रियों ने रेडक्रॉस सोसायटी की इस जनहितैषी पहल की सराहना करते हुए इसे दिव्यांगजनों के लिए अत्यंत उपयोगी कदम बताया। उन्होंने कहा कि इस व्यवस्था से विशेष आवश्यकता वाले यात्रियों को अधिक आत्मविश्वास और सुविधा के साथ यात्रा करने में मदद मिलेगी। इस सेवा कार्य में रेडक्रॉस सोसायटी के प्रबंध समिति सदस्य भूपेंद्र गर्ग जी उपस्थित रहे ।
रेड क्रॉस सोसायटी की यह पहल न केवल मानव सेवा का उत्कृष्ट उदाहरण है, बल्कि दिव्यांगजन सशक्तिकरण और समावेशी समाज के निर्माण की दिशा में भी एक सार्थक प्रयास है।
