कलेक्टर द्वारा मछुआ समिति के सदस्यों के साथ हुई बैठक के परिणामस्वरूप तियरा तालाब का प्रोजेक्ट तैयार
पर्यटन एवं मछली उत्पादन का दिखेगा अनोखा संगम
बोटिंग तथा रिक्रिएशनल थीम पाथ-वे के आकर्षण स्थल के साथ-साथ समिति को मिलेगा नवीन रोजगार का अवसर
एनसीएल सीएसआर से विकसित किया जाएगा तालाब
सिंगरौली, 12 जून 2026/ कलेक्टर श्री गौरव बैनल के द्वारा तियरा ग्राम पंचायत स्थित गर्रा सिंचाई जलाशय का भ्रमण किया गया। विदित हो कि कलेक्टर द्वारा मछुआ समिति के सदस्यों के साथ विगत दिवस बैठक आयोजित की गई थी, जिसमें मछली पालन सह-पर्यटन के संबंध में प्रस्ताव मांगे गए थे। जिसके फलस्वरूप आज स्वयं कलेक्टर श्री बैनल एवं जीएम सीएसआर एनसीएल राजीव रंजन के द्वारा जलाशय गर्रा पहुंचकर ‘तियरा जल विहार एवं मत्स्य पालन’ के प्रस्तावित प्रोजेक्ट का अवलोकन किया गया।प्रोजेक्ट की सराहना करते हुए कलेक्टर ने आदिवासी मछुआ सहकारिता समिति तियरा द्वारा किए जा रहे मछली पालन एवं प्रस्तावित जल विहार को पर्यटन एवं मछली उत्पादन का एक बेहतरीन संगम बताया। साथ ही यह भी कहा कि शीघ्र ही समिति के सभी सदस्यों को रोजगार का एक अच्छा अवसर प्राप्त होगा।
समिति के सदस्यों द्वारा बताया गया कि इस प्रोजेक्ट के माध्यम से तालाब में आधुनिक केज कल्चर तथा अन्य तकनीकों के माध्यम से मछली उत्पादन किया जाएगा।
इसी के साथ ही बतख पालन कर समिति की आय को भी बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा। प्रस्तावित प्रोजेक्ट में पर्यटन को मद्देनजर रखते हुए तालाब की अधोसंरचना का विकास किया जाएगा, जिसमें रिक्रिएशनल थीम पर आधारित पाथ-वे, प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद उठाने हेतु बैठक व्यवस्था, बोटिंग एक्टिविटीज तथा अन्य सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी। तालाब के संरक्षण एवं सौंदर्यीकरण हेतु वृहद रूप से पौधरोपण भी किया जाएगा।
इस प्रोजेक्ट का मुख्य आकर्षण जलाशय के बीच स्थित दो टापू होंगे, जिनमें वॉच टॉवर एवं पर्यटकों हेतु अन्य आकर्षक गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी।
कलेक्टर ने समिति के सदस्यों को आश्वासन देते हुए कहा कि आपके द्वारा तैयार किए गए प्रोजेक्ट को सीएसआर के माध्यम से पूरा सहयोग किया जाएगा। तत्पश्चात कलेक्टर एवं जीएम सीएसआर एनसीएल द्वारा स्थल का भ्रमण कर तालाब का जायजा लिया गया।