महापौर मुकाबला हुआ दिलचस्प कल भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में वोट के लिए आ रहे प्रदेश के मुखिया
नगर निगम चुनाव ने भाजपा, कांग्रेस के बाद आम आदमी पार्टी ने चुनावी मैदान में उतरकर सरगर्मी बढ़ा दी है। आप नेता रानी अग्रवाल अपने समर्थकों के साथ सुबह से शाम तक वोट मांगने में जुटी है। इससे अन्य पार्टियों में चिंता की लकीरें खिंच गई हैं। बीते पंचवर्षीय में निगम की सत्ता पर काबिज भाजपा के नेता इसे लेकर चिंतित दिख रहे हैं। यही कारण है कि सीट निकलवाने अब सीएम को सिंगरौली का रुख करना पड़ रहा है। जानकारी अनुसार कल दोपहर प्रदेश के मुखिया शिवराज सिंह चौहान बैढ़न पहुंचकर विशाल जनसभा को संबोधित कर भाजपा उम्मीदवार चंद्र प्रताप विश्वकर्मा के लिए वोट मांगेंगे। पंचायत एवं निगम चुनाव ड्यूटी के बीच पुलिस प्रशासन अब सीएम के दौरे के लिए जुट गया है। आनन – फानन में सीएम के दौरे को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं। ऐसे में लोगों के बीच में सवाल बना हुआ है कि लंबे समय तक सिंगरौली नगर निगम का कार्यभार भाजपा के हाथों में था। इस दौरान कहां कमी रह गई जो अब मुख्यमंत्री को डैमेज कंट्रोल के लिए आना पड़ रहा है। जानकारों की माने तो सामान्य सीट होने के बाद भी ओबीसी कैंडिडेट को टिकट देने से भाजपा के ब्राह्मण समेत साहू समाज के लोग नाराज चल रहे हैं। इसके अलावा आप नेता रानी अग्रवाल के आ जाने से यह मुकाबला त्रिकोणीय हो चला है। ऐसे में भाजपा को स्टार प्रचारक की आवश्यकता थी। मुख्यमंत्री द्वारा आकर नाराज लोगों को मनाने की कोशिश रहेगी। अब उनका यह चुनावी दौरा जनता की भीड़ को वोट बैंक में बदल पाएगा कि नहीं यह देखना दिलचस्प होगा।