अपने ऊपर हो रहे अत्याचार के लिए आवाज उठाएं महिलाएं- शीतला यादव ग्राम कचनी में महिला थाना द्वारा आयोजित किया गया जन जागरूकता शिविर
शनिवार शाम जिले के महिला थाना द्वारा *ग्राम कचनी में जन जागरूकता शिविर* का आयोजन किया गया। जिसमें मौजूद महिलाओं को महिला संबंधी अपराधों के विषय में जानकारी देते हुए उनके अधिकारों को बताया गया। इस शिविर को संबोधित करते हुए *महिला थाना प्रभारी उपनिरीक्षक शीतला यादव* ने सभी से अपील की कि महिलाओं को घरेलू उत्पीड़न समेत अपने ऊपर हो रहे अत्याचारों के विषय में खुलकर बताना चाहिए। उन्होंने कहा कि जिले में थानों समेत विशेष तौर पर महिलाओं के लिए महिला थाना बनाया गया है जहां वह अपनी समस्याएं बता सकती हैं। उन्होंने कहा कि स्कूली छात्राएँ व महिलाऐं अपने साथ हो रहे अत्याचार से घबराए नहीं। वह निसंकोच होकर पुलिस थाने में आकर अपनी शिकायत दर्ज करवायें। पुलिस महिलाओं के साथ हो रहे अत्याचारों को रोकने के लिए हमेशा तैयार रहती है। गौरतलब है कि *सिंगरौली पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र कुमार सिंह* के निर्देशन, *अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनकर* के मार्गदर्शन एवं *डीएसपी प्रियंका पांडेय* की सतत निगरानी में चलाए जा रहे जन जागरूकता एवं जन चेतना अभियान में *यातायात समेत साइबर क्राइम, नशे के दुष्परिणाम, ई एफ आई आर, एस सी/ एस टी एक्ट* आदि विषयों पर भी जानकारी प्रदान की गई। साथ ही सभी लोगों को महिला थाना कंट्रोल रूम, चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर भी नोट कराया गया।
उक्त कार्यक्रम में महिला थाना प्रभारी शीतला यादव के साथ एसआई आई पी वर्मा, महिला प्रधान आरक्षक रानी सिंह, बेला सिंह, आरक्षक रवि सिंह, शकुंतला यादव समेत भारी संख्या में ग्रामीण महिलाएं व पुरुष मौजूद थे।