पार्षद प्रेम सागर मिश्रा के प्रयास से जुआडी में 51 लाख के सामुदायिक भवन का शुभारंभ
सिंगरौली नगर निगम के वार्ड क्रमांक 36 अंतर्गत ग्राम जुआडी में आज विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए सामुदायिक भवन निर्माण कार्य का विधिवत शुभारंभ किया गया। इस बहुप्रतीक्षित परियोजना को पार्षद प्रेम सागर मिश्रा के अथक प्रयासों से मंजूरी मिली है, जिसकी अनुमानित लागत 51 लाख रुपये है।
यह निर्माण कार्य एनटीपीसी वीएसटीपीएस के कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) मद से स्वीकृत किया गया है। सामुदायिक भवन के निर्माण से क्षेत्र के लोगों को सामाजिक, सांस्कृतिक और पारिवारिक आयोजनों के लिए एक सुसज्जित एवं स्थायी स्थान उपलब्ध हो सकेगा।
स्थानीय लोगों ने बताया कि पार्षद प्रेम सागर मिश्रा के कार्यकाल में वार्ड में विकास कार्यों की गति तेज हुई है। बिजली, पानी, नाली, सड़क और अब सामुदायिक भवन जैसी मूलभूत सुविधाओं पर लगातार काम किया जा रहा है, जिससे वार्डवासियों में संतोष और खुशी का माहौल है।
शुभारंभ के अवसर पर उपस्थित जनसमूह ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे वार्ड के समग्र विकास की दिशा में एक मील का पत्थर बताया।