जाम में झाम में बैढ़न का तुलसी मार्ग, आवागमन पर लगता है बे्रक

जाम में झाम में बैढ़न का तुलसी मार्ग, आवागमन पर लगता है बे्रक
सोमवार की दोपहर से लेकर शाम तक जाम से परेशान रहे वाहन चालक, रोजाना का यही हाल

सिंगरौली 2 मार्च। जिला मुख्यालय बैढ़न के तुलसी मार्ग में रोजाना हर पर जाम लगना आम बात हो जा रही है और आज दिन सोमवार की दोपहर के वक्त इसी तरह का नजारा भी तुलसी मार्ग में दिखा है, जहां वाहन चालक काफी देर तक जाम के झाम से परेशान रहे। हालांकि इस दौरान यातायात कर्मी एवं कोतवाली पुलिस भी नजर नही आई।
दरअसल होली त्यौहार को लेकर आज सोमवार को बैढ़न समेत अधिकांश बाजारो में ग्राहको की भारी चहल-पहल थी। रंग-गुलाल एवं मिठाई दुकानों में ग्राहको की भीड़ उमड़ी हुई थी। बैढ़न के काली मंदिर मार्ग के अलावा तुलसी मार्ग में ग्राहको की भीड़ इस कदर उमड़ी थी कि वाहन भी जाम के झाम में फंस रहे थे। जिसके चलते आवागमन भी प्रभावित हो रहा था। आलम यह था कि तुलसी मार्ग में अनियंत्रित रूप से फोर व्हीलर वाहनों को खड़ा किये जाने के कारण जाम लग रहा था। वहीं तुलसी मार्ग के कई दुकानदारों का आरोप है कि दुकानों के सामने फोर व्हीलर कार समेत अन्य वाहनों के खड़ा कर देने से जाम लग रहे थे। इस दौरान पुलिस कर्मी दूर-दूर तक नजर नही आ रहे थे। जबकि रंगोत्सव त्यौहार को लेकर भीड़भाड़ के मद्देनजर पुलिस को सुबह 10 बजे से लेकर रात 10 बजे तक तैनात रहना चाहिए और बड़े वाहनों को इस मार्ग में आने-जाने से रोकना-टोकना चाहिए था। कहीं न कहीं पुलिस की लापरवाही सामने आई है। यहां के व्यापारियों ने यह भी बताया कि इस मार्ग में जाम लगना आम बता हो चुकी है। व्यवस्थित यातायात की दरकार है। पुलिस अधिकारी भले ही यह दावा करते हैं कि यातायात व्यवस्था सुदृढ़ हो रही है, परंतु यह सब कुछ कागजों तक ही सीमित है। बैढ़न शहर की यातायात व्यवस्था कितनी सुगम व व्यवस्थित है, यह बात किसी से छुपी नही है। व्यापारियों ने इस ओर कलेक्टर का ध्यान आकृष्ट कराया है।