एनसीएल अमलोरी खदान में सीआईएसएफ जवान पर जानलेवा हमला, केबल चोरी का खुलासा
दो आरोपी गिरफ्तार, फरार आरोपियों पर ₹10 हजार का इनाम घोषित
सिंगरौली। थाना नवानगर अंतर्गत एनसीएल अमलोरी परियोजना खदान क्षेत्र में सीआईएसएफ जवान पर हुए जानलेवा हमले और केबल चोरी की सनसनीखेज घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
घटना दिनांक 18 जनवरी 2026 की है, जब एनसीएल अमलोरी परियोजना में रात्रि ड्यूटी के दौरान सीआईएसएफ के जवान प्रआर 033110129 सतीषचन्द्र भारती (47 वर्ष) पर अज्ञात बदमाशों ने लाठी-डंडों से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। आरोपियों ने मौके से लगभग 15 मीटर केबल तार काटकर चोरी कर लिया और घायल जवान को नाले में फेंककर फरार हो गए।
घटना की सूचना पर निरीक्षक विकास कुमार, निरीक्षक सीआईएसएफ एनसीएल अमलोरी द्वारा थाना नवानगर में रिपोर्ट दर्ज कराई गई। पुलिस ने अपराध क्रमांक 09/2026 के तहत बीएनएस की विभिन्न गंभीर धाराओं में प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की।
पुलिस अधीक्षक सिंगरौली श्री मनीष खत्री के निर्देशन एवं नगर पुलिस अधीक्षक श्री पी.एस. परस्ते के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने घटनास्थल से मोटरसाइकिल, दस्ताने तथा पैरों के निशान जैसे महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए। साथ ही पुराने केबल चोरों, कबाड़ कारोबारियों से पूछताछ कर आसूचना तंत्र को सक्रिय किया गया।
विवेचना के दौरान संदेह के आधार पर रामधानी सिंह (38 वर्ष), निवासी थाना मोरवा तथा महेंद्र बैगा (34 वर्ष), निवासी बचनार, थाना मोरवा को चिन्हित कर पूछताछ की गई। आरोपियों द्वारा जुर्म स्वीकार किए जाने पर दोनों को दिनांक 28 जनवरी 2026 को गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त सामग्री जप्त की गई है।
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए फरार आरोपियों की गिरफ्तारी हेतु पुलिस अधीक्षक द्वारा ₹10,000 का इनाम घोषित किया गया है। शेष आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के लिए पुलिस के प्रयास लगातार जारी हैं।