मेले में श्रम विभाग की दबिश, तीन बाल श्रमिक रेस्क्यू, संचालक पर एफआईआर की तैयारी

मेले में श्रम विभाग की दबिश, तीन बाल श्रमिक रेस्क्यू, संचालक पर एफआईआर की तैयारी

 

सिंगरौली। जिला मुख्यालय स्थित बिलौजी एनसीएल बाउंड्री परिसर में आयोजित मेले में पहले ही दिन श्रम विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। विभागीय टीम ने औचक निरीक्षण के दौरान मेले में कार्यरत तीन नाबालिग बच्चों को बाल श्रमिक के रूप में चिन्हित किया।

श्रम विभाग के अधिकारियों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए तीनों बच्चों को रेस्क्यू कर बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी) के सुपुर्द कर दिया। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि बच्चों से मेले में विभिन्न दुकानों एवं स्टॉलों पर कार्य कराया जा रहा था।

मामले को गंभीरता से लेते हुए श्रम विभाग ने मेला संचालक के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। संबंधित संचालक के विरुद्ध स्थानीय थाने में एफआईआर दर्ज कराने की प्रक्रिया जारी है।

श्रम विभाग के अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि बाल श्रम एक दंडनीय अपराध है और जिले में इस प्रकार की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जाएगी। विभाग ने सभी प्रतिष्ठानों एवं आयोजकों को बाल श्रम निषेध कानून का सख्ती से पालन करने की चेतावनी दी है।