वरगवां परसौना रजमिलान माड़ा फोर लेन सड़क निर्माण को लेकर बड़ी तैयारी

वरगवां परसौना रजमिलान माड़ा फोर लेन सड़क निर्माण को लेकर बड़ी तैयारी

दुर्घटनाओं पर लगेगा नियंत्रण : विधायक देवसर

 

सिंगरौली जिले में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं और बेहतर यातायात व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए वरगवां–परसौना–रजमिलान–माड़ा मार्ग के फोर लेन सड़क निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल शुरू हो गई है। इस संबंध में विधायक देवसर डॉ. राजेन्द्र मेश्राम ने मीडिया से चर्चा करते हुए जानकारी दी कि वरगवां–परसौना तथा परसौना से खुटार, रजमिलान और माड़ा तक लगभग 200 करोड़ रुपये की लागत से सड़क निर्माण कार्य प्रारंभ किए जाने की तैयारी चल रही है।
उन्होंने बताया कि परियोजना का डीपीआर (डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट) शासन को भेजा जाएगा तथा संबंधित स्तर पर बैठक के बाद डीपीआर स्वीकृत होने पर टेंडर प्रक्रिया शुरू की जाएगी। वर्तमान में इस दिशा में तैयारियां तेज गति से चल रही हैं।
विधायक ने कहा कि सड़क निर्माण पूर्ण होने के बाद क्षेत्र में आवागमन अधिक सुगम होगा तथा लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं पर काफी हद तक नियंत्रण संभव हो सकेगा। उन्होंने यह भी बताया कि सड़कों के निरीक्षण के लिए रीवा से मुख्य अभियंता (चीफ इंजीनियर) भी पहुंचे थे और उन्होंने प्रस्तावित मार्ग का निरीक्षण किया।
इस उपलब्धि और योजना को लेकर विधायक डॉ. राजेन्द्र मेश्राम ने देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रति आभार व्यक्त किया।
वहीं स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने भी इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि सड़क निर्माण होने से क्षेत्र के लोगों को बेहतर यातायात सुविधा मिलेगी और विकास को गति मिलेगी।
मीडिया के माध्यम से आम नागरिकों से अपील करते हुए विधायक ने कहा कि सड़क निर्माण होने तक भी सभी वाहन चालक यातायात नियमों, निर्धारित गति सीमा तथा सुरक्षा मानकों का पालन करें, ताकि सड़क दुर्घटनाओं को कम किया जा सके।