एम्स में इलाज के दौरान नम हुईं आंखें, संध्या दुबे के पार्थिव शरीर को लाया गया कचनी जहाँ दाह संस्कार मे हजारो लोग हुए शामिल

एम्स में इलाज के दौरान नम हुईं आंखें, संध्या दुबे के पार्थिव शरीर को लाया गया कचनी जहाँ दाह संस्कार मे हजारो लोग हुए शामिल

 

सिंगरौली कचनी निवासी भाजपा नेता एवं पूर्व मंडल अध्यक्ष संदीप चौबे की धर्मपत्नी संध्या दुबे (32 वर्ष) का शनिवार को भोपाल एम्स अस्पताल में उपचार के दौरान निधन हो गया। उनके निधन का समाचार मिलते ही क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। परिवार सहित शुभचिंतकों और सामाजिक व राजनीतिक क्षेत्र से जुड़े लोगों में गहरा दुख देखा गया।
जानकारी के अनुसार संध्या दुबे पिछले कई दिनों से गंभीर रूप से अस्वस्थ थीं। उनका उपचार वाराणसी में चल रहा था, जहां सीजर ऑपरेशन के दौरान उनकी डिलेवरी हुई थी। बताया जा रहा है कि नवजात बच्ची का जन्म के बाद निधन हो गया था, जिसके बाद संध्या दुबे गहरे सदमे और स्वास्थ्य संबंधी जटिलताओं से गुजर रही थीं। कुछ समय उपचार के बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी मिली और वे सिंगरौली स्थित अपने निवास कचनी लौट आई थीं।
करीब चार दिन बाद अचानक उनकी तबीयत फिर बिगड़ गई। हाथ-पैरों में अकड़न और अन्य गंभीर लक्षण सामने आने पर परिजन उन्हें तत्काल सिंगरौली रिसर्च हॉस्पिटल लेकर पहुंचे। वहां उपचार के दौरान स्वास्थ्य में सुधार नहीं होने पर जनप्रतिनिधियों के सहयोग से बेहतर इलाज के लिए एयर एंबुलेंस से भोपाल एम्स भेजा गया।
परिवार सहित क्षेत्र के लोग लगातार उनके स्वस्थ होने की कामना कर रहे थे और ईश्वर से दुआ कर रहे थे, लेकिन शनिवार को उपचार के दौरान उनका निधन हो गया। बताया गया कि वे पिछले लगभग आठ महीनों से स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों से जूझ रही थीं।
निधन के बाद उनका पार्थिव शरीर भोपाल से एंबुलेंस के माध्यम से कचनी लाया गया, जहां पूरे धार्मिक रीति-रिवाजों के साथ अंतिम संस्कार किया गया। अंतिम यात्रा और दाह संस्कार में विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता, जनप्रतिनिधि, सांसद, विधायक, सामाजिक संस्थाओं से जुड़े लोग तथा बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी शामिल हुए और उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।