स्वरोजगार योजनाओं के लंबित मामलों का समय पर हो शत-प्रतिशत निराकरण: कलेक्टर

स्वरोजगार योजनाओं के लंबित मामलों का समय पर हो शत-प्रतिशत निराकरण: कलेक्टर

सिंगरौली: कलेक्ट्रेट सभागार सिंगरौली में कलेक्टर की अध्यक्षता में जिला स्तरीय परामर्शदात्री समिति (डीएलसीसी) की महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। बैठक में कलेक्टर ने जिले के बैंकर्स और शासकीय अधिकारियों को आपसी समन्वय बनाकर स्वरोजगार योजनाओं के निर्धारित लक्ष्यों को समय पर पूरा करने के कड़े निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासकीय योजनाओं के तहत आने वाले सभी लंबित आवेदनों का शत-प्रतिशत निराकरण किया जाए, ताकि पात्र हितग्राहियों को बिना किसी देरी के स्वरोजगार ऋण मिल सके।
जिले के क्रेडिट-डेपोजिट (सीडी) रेशियो की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने ऋण उपलब्धता को बढ़ाने पर जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिए कि जिले में बैंकर्स और निवेशकों के संयुक्त ‘व्यापार मेले’ आयोजित किए जाएं, जिससे वार्षिक क्रेडिट प्लान के तहत प्राथमिकता वाले क्षेत्रों में लोन का सही वितरण हो सके।
इसके साथ ही, केंद्र और राज्य सरकार की सभी हितग्राही मूलक योजनाओं के आवेदकों को अनिवार्य रूप से क्रेडिट कार्ड जारी करने को कहा गया। सामाजिक सुरक्षा को बढ़ावा देने के लिए कलेक्टर ने बैंकों को वित्तीय साक्षरता कैंप लगाने के निर्देश दिए, ताकि आम जन को प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना और अटल पेंशन योजना से जोड़ा जा सके। उन्होंने तीनों ब्लॉकों में सीएफएल के माध्यम से नियमित साक्षरता सत्र आयोजित करने और वरिष्ठ नागरिकों को साइबर फ्रॉड के प्रति जागरूक करने पर विशेष बल दिया।
अंत में, कलेक्टर ने सभी बैंकों को उपभोक्ताओं का शत-प्रतिशत ई-केवाईसी पूरा करने के निर्देश दिए ताकि सरकारी योजनाओं का लाभ डीबीटी के माध्यम से सीधे खातों में पहुंच सके। बैठक में भारतीय रिजर्व बैंक के प्रतिनिधि, एलडीओ धीरज गुप्ता, एलडीएम रंजीत कुमार और विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे।