कलेक्टर के निर्देश पर खनिज विभाग की बड़ी कार्रवाई, अवैध खनिज परिवहन में संलग्न चार वाहन जब्त
सिंगरौली। कलेक्टर गौरव बैनल के निर्देशानुसार जिले में अवैध खनिज उत्खनन एवं परिवहन के विरुद्ध लगातार सघन अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में सोमवार 9 जून 2026 को खनिज विभाग द्वारा बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध खनिज परिवहन में संलग्न चार वाहनों को जब्त किया गया।
खनिज अधिकारी सुश्री आकांक्षा पटेल एवं सहायक खनि अधिकारी रामसुशील चौरसिया के नेतृत्व में प्रातःकालीन जांच एवं निरीक्षण के दौरान वाहनों की सघन जांच की गई। जांच के दौरान कुछ वाहन वैध अभिवहन पास (ट्रांजिट पास) के बिना खनिजों का परिवहन करते पाए गए।
कार्रवाई के दौरान बिना पंजीयन क्रमांक के दो ट्रैक्टर-ट्रॉली रेत परिवहन करते हुए तथा एक ट्रैक्टर-ट्रॉली गिट्टी का अवैध परिवहन करते हुए पकड़ी गई। इसके अतिरिक्त हाइवा वाहन क्रमांक MP66H2264 को मिट्टी के अवैध परिवहन में संलग्न पाए जाने पर जब्त किया गया।
खनिज विभाग की टीम द्वारा सभी जब्त वाहनों को नियमानुसार पुलिस चौकी बंधौरा, पुलिस थाना माड़ा एवं पुलिस थाना कोतवाली वैढ़न में सुरक्षार्थ खड़ा कराया गया है। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि जब्त किए गए वाहनों के विरुद्ध मध्यप्रदेश खनिज नियमों के तहत अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध खनिज उत्खनन एवं परिवहन किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों पर सतत निगरानी रखी जा रही है तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।