लॉजिस्टिक कंपनियों के नाम पर ठगी करने का आरोप एसपी के यहां आवेदको ने की है लिखित शिकायत, साढ़े 25 लाख रूपये का है मामला
सिंगरौली। जिले में लॉजिस्टिक कंपनियों के नाम पर बड़े पैमाने पर ठगी का मामला सामने आया है। अलग-अलग आवेदनों के जरिए सामने आई इस शिकायत में कुल 25 लाख 55 हजार 145 रुपये की धोखाधड़ी का आरोप लगाया गया है। पीड़ि़तों ने पुलिस अधीक्षक से शिकायत कर न्याय की गुहार लगाई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बैढ़न क्षेत्र में रहने वाले प्रार्थियों ने आरोप लगाया है कि एकार्ट लॉजिस्टिक्स और डिलीवरी लॉजिस्टिक्स में काम दिलाने के नाम पर उनसे बड़ी रकम ली गई। एक आवेदक से करीब 2 लाख रुपये, दूसरे से 8 लाख रुपये और तीसरे मामले में 15 लाख 55 हजार 145 रुपये की राशि ली गई। आरोप है कि रकम लेने के बाद न तो काम दिया गया और न ही पैसे वापस किए गए।
आवेदनों में यह भी उल्लेख है कि जब पीड़ि़तों ने अपने पैसे वापस मांगे तो आरोपियों द्वारा उन्हें धमकाया गया। झूठे केस में फंसाने, शारीरिक और मानसिक प्रताड़ना देने के आरोप भी लगाए गए हैं। साथ ही आरोपियों के परिवार के अन्य सदस्यों पर भी अभद्र व्यवहार और धमकी देने का आरोप लगाया गया है। एक आवेदक ने बताया कि हमसे काम दिलाने के नाम पर पैसे लिए गए, लेकिन जब काम नहीं मिला और हमने पैसे वापस मांगे तो हमें धमकाया जाने लगा। अब न्याय के लिए प्रशासन के पास आना पड़ा है। पीड़ि़तों का कहना है कि उन्होंने पहले भी बैढ़न कोतवाली में आवेदन दिया था, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। ऐसे में सभी ने एक बार फिर एसपी कार्यालय पहुंचकर मामले में जांच कर उचित कार्रवाई करते हुए पूरी राशि वापस दिलाने की मांग की है। फिलहाल पुलिस द्वारा मामले की जांच किए जाने की बात कही जा रही है।
०