कम्पनियों से संबंधित टीएल आवेदनों की कलेक्टर ने की समीक्षा समय-सीमा में शत-प्रतिशत निराकरण के दिए निर्देश
सिंगरौली जिले में कार्यरत औद्योगिक कम्पनियों से संबंधित टीएल (टाइम लिमिट) आवेदनों की समीक्षा कलेक्टर गौरव बैनल द्वारा कलेक्ट्रेट सभागार में की गई। समीक्षा में एनसीएल जयंत, एनसीएल निगाही, महान एनर्जेन लिमिटेड सहित अन्य औद्योगिक इकाइयों से जुड़े प्रकरण शामिल रहे।
कलेक्टर की जनसुनवाई एवं कार्यदिवसों के दौरान विस्थापन, रोजगार, भत्ता आदि से संबंधित आवेदकों द्वारा प्रस्तुत आवेदनों को समय-सीमा के भीतर निराकृत कर टीएल में प्रस्तुत करने के निर्देश पूर्व में संबंधित प्रबंधकों को दिए गए थे। समीक्षा बैठक में इन आवेदनों के निराकरण की प्रगति की जानकारी कलेक्टर द्वारा ली गई।
बैठक में कुछ कम्पनियों द्वारा प्राप्त आवेदनों का निराकरण कर प्रगति प्रतिवेदन प्रस्तुत किया गया। इस पर कलेक्टर ने निर्देश दिए कि आगामी टीएल बैठक तक शेष बचे सभी आवेदनों का भी शत-प्रतिशत निराकरण सुनिश्चित करते हुए पालन प्रतिवेदन प्रस्तुत किया जाए।
बैठक में जयंत, निगाही एवं अदाणी पावर के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।