सिंगरौली में लोकायुक्त की बड़ी कार्रवाई, पटवारी ₹10 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा गया
मध्य प्रदेश के सिंगरौली ज़िले से बड़ी खबर सामने आई है, जहां लोकायुक्त संभाग रीवा की टीम ने आज भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए चुरकी हल्का के पटवारी अम्ब्रीश कुमार वैश्य को दस हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया। इस ट्रैप कार्रवाई से राजस्व विभाग में हड़कंप मच गया है।
लोकायुक्त अधिकारियों के अनुसार शिकायतकर्ता महेंद्र प्रसाद यादव, निवासी ग्राम चुरकी, तहसील दुधमनिया, जिला सिंगरौली ने लोकायुक्त कार्यालय में आवेदन देकर आरोप लगाया था कि उनकी जमीन के बंटवारे और नक्शा तरमीम के एवज में पटवारी तीस हजार रुपये की रिश्वत मांग रहा है। शिकायत मिलने के बाद मामले का सत्यापन कराया गया, जिसमें रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई।
इसके बाद लोकायुक्त की टीम ने सिंगरौली–अनपरा रोड पर प्रताप ट्रांसपोर्ट कंपनी के सामने जाल बिछाया और जैसे ही आरोपी ने दस हजार रुपये की पहली किस्त ली, टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उसे मौके पर ही धर दबोचा। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
इस पूरी कार्रवाई का नेतृत्व लोकायुक्त निरीक्षक संदीप भदौरिया ने किया। उनके साथ निरीक्षक उपेंद्र दुबे और अन्य अधिकारी ट्रैप दल में शामिल रहे। स्वतंत्र शासकीय गवाहों की मौजूदगी में पूरी कार्रवाई पूरी की गई।
लोकायुक्त संगठन ने आम लोगों से अपील की है कि यदि कोई शासकीय अधिकारी या कर्मचारी रिश्वत की मांग करता है तो तुरंत लोकायुक्त कार्यालय को सूचना दें। इस कार्रवाई के बाद जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त संदेश गया है।