कुबेरेश्वरधाम पर दीपावली को लेकर उमड़ा आस्था का सैलाब

कुबेरेश्वरधाम पर दीपावली को लेकर उमड़ा आस्था का सैलाब

सीहोर। प्रतिवर्ष अनुसार इस वर्ष भी जिला मुख्यालय के समीपस्थ चितावलिया हेमा स्थित निर्माणाधीन मुरली मनोहर एवं कुबेरेश्वर महादेव मंदिर में दीपावली का पर्व आस्था और उत्साह के साथ मनाया जाएगा और 21 हजार से अधिक दीपक से मंदिर परिसर को रोशन किया जाएगा। इसको लेकर मंदिर परिसर में गुरुदेव अंतर्राष्ट्रीय कथा वाचक पंडित प्रदीप मिश्रा के मार्गदर्शन में विठलेश सेवा समिति और श्रद्धालुओं के द्वारा तैयारियां की जा रही है। मंदिर में यहां पर आने वाले श्रद्धालुओं के लिए रंग-बिरंगी रोशनी लगाई जा रही है। मंदिर परिसर में दीप पर्व को लेकर प्रतिदिन हजारों की संख्या में श्रद्धालु आ रहे है।
शुक्रवार को भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे थे। जिनकों समिति की ओर से पंडित विनय मिश्रा, समीर शुक्ला सहित अन्य ने भोजन प्रसादी का वितरण किया। कार्तिक माह में मंदिर परिसर में तांता लगा रहता है। रंभा एकादशी पर यहां पर मौजूद श्रद्धालुओं ने पूजा अर्चना की। मिट्टी की कला और उससे बनाए जाने वाले दीये को बढ़ावा देने के उद्देश्य से हर साल गुरुदेव के निर्देश पर हजारों की संख्या में दीप पर्व पर श्रद्धालु आते है और दीप प्रज्जवलित करते है। इस साल भी पांच दिवसीय पर्व धनतेरस, रुप चौदस, दीपावली, गोवर्धन पूजन और भाई-दूज का आयोजन मंदिर में विशेष पूजा-पाठ से किया जाएगा। इसके अलावा भी यहां पर आगामी दिनों में अन्नकूट महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। दुनिया की सबसे बड़ी भोजनशाला मंदिर परिसर में चलाई जा रही है। जिसमें यहां पर आने वाले श्रद्धालुओं को निशुल्क रूप से भोजन का वितरण किया जाता है।