युवा, किसान और भ्रष्टाचार के मुद्दों पर कांग्रेस का प्रदेशव्यापी आंदोलन 15 जुलाई को होगा मुख्यमंत्री निवास का घेराव
जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रवीण सिंह चौहान ने सिंगरौली में भी लगाए भ्रष्टाचार और सरकारी संपत्तियों के दुरुपयोग के आरोप
सिंगरौली। मध्य प्रदेश कांग्रेस ने युवाओं के भविष्य, किसानों की समस्याओं, उज्जैन भूमि प्रकरण तथा भ्रष्टाचार के मुद्दों को लेकर प्रदेशव्यापी चरणबद्ध जनआंदोलन की घोषणा की है। कांग्रेस का कहना है कि यह आंदोलन युवाओं, किसानों और आम नागरिकों के अधिकारों की रक्षा तथा सरकार की जवाबदेही सुनिश्चित करने के उद्देश्य से चलाया जाएगा।
शुक्रवार को पार्टी कार्यालय में पत्रकारों को सम्बोधित करते हुये कांग्रेस जिलाध्यक्ष शहर प्रवीण सिंह चौहान ने आरोप लगाया कि प्रदेश में नीट एवं अन्य परीक्षाओं से जुड़े विवादों के कारण विद्यार्थियों का भविष्य प्रभावित हुआ है, जबकि खरीफ सीजन में किसानों को डीएपी, यूरिया, बिजली और अन्य कृषि संसाधनों की भारी कमी का सामना करना पड़ रहा है। पार्टी ने खाद की कालाबाजारी, समर्थन मूल्य पर सीमित खरीदी तथा कृषि व्यवस्था में अव्यवस्था को लेकर सरकार को जिम्मेदार ठहराया।
प्रेस विज्ञप्ति में उज्जैन भूमि प्रकरण, महाकाल लोक परियोजना और सार्वजनिक धन के उपयोग को लेकर भी सवाल उठाए गए हैं। कांग्रेस ने मांग की कि इन मामलों की स्वतंत्र एवं निष्पक्ष जांच कराई जाए तथा तथ्यों को सार्वजनिक किया जाए। पार्टी ने यह भी घोषणा की कि भ्रष्टाचार संबंधी शिकायतों के लिए शीघ्र ही एक विशेष डिजिटल पोर्टल शुरू किया जाएगा, जहां नागरिक गोपनीय रूप से दस्तावेज और जानकारी साझा कर सकेंगे।
आंदोलन के तहत प्रदेशभर में पत्रकार वार्ताएं, “छात्रों की गूंज” अभियान, 14-15 जुलाई को इंदौर से भोपाल तक Gen Z Cyclothon, 15 जुलाई को मुख्यमंत्री निवास का घेराव तथा जुलाई के अंतिम सप्ताह में उज्जैन में विशाल जनआंदोलन आयोजित किया जाएगा।
इधर, जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रवीण सिंह चौहान ने सिंगरौली जिले में भी भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि जिले में सांसद द्वारा पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस को कार्यालय के रूप में उपयोग किया जा रहा है तथा विधायक द्वारा नगर निगम के डी-2 बंगले पर कथित रूप से अवैध कब्जा किया गया है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि शैक्षणिक उद्देश्य से मात्र एक रुपये में आवंटित भूमि पर सरस्वती शिशु मंदिर की जगह कथित रूप से आरएसएस का कार्यालय संचालित किया जा रहा है। श्री चौहान ने इन सभी मामलों की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की।कांग्रेस ने कहा कि विद्यार्थियों को न्याय, किसानों को राहत और भ्रष्टाचार के आरोपों की निष्पक्ष जांच होने तक उसका जनसंघर्ष लगातार जारी रहेगा।
