घर में सेंध लगाकर 5 लाख के जेवर उड़ाने वाला शातिर चोर गिरफ्तार, विंध्यनगर पुलिस ने किया बड़ा खुलासा

घर में सेंध लगाकर 5 लाख के जेवर उड़ाने वाला शातिर चोर गिरफ्तार, विंध्यनगर पुलिस ने किया बड़ा खुलासा

1200 ग्राम चांदी और 15 ग्राम सोने के आभूषण बरामद, वारदात में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी

 

सिंगरौली। विंध्यनगर थाना पुलिस ने घर में घुसकर लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण चोरी करने वाले एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 5 लाख रुपये मूल्य के 1200 ग्राम चांदी और लगभग 15 ग्राम सोने के जेवरात बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है, जबकि वारदात में शामिल उसके अन्य साथियों की तलाश जारी है।
पुलिस अधीक्षक षियाज के.एम., अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सर्वप्रिय सिन्हा एवं नगर पुलिस अधीक्षक उमेश प्रजापति के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई में विंध्यनगर थाना पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर आरोपी अमन कुमार उर्फ अमन बर्मा (19 वर्ष) निवासी पचखोरा, थाना बैढ़न को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, गहिलगढ़ पश्चिम निवासी राजेन्द्र प्रसाद शाह ने 26 जून को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 21 जून की रात परिवार के सभी सदस्य भोजन के बाद सो गए थे। सुबह उठने पर घर के आगे और पीछे के दरवाजे खुले मिले तथा घर में रखे सोने-चांदी के कीमती आभूषण चोरी हो चुके थे। शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि पचखोरा क्षेत्र में एक युवक चोरी के जेवर बेचने की फिराक में है। सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने अपने साथियों के साथ चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया।
आरोपी के कब्जे से चांदी की करधनी, पनवा, हाथ के कड़े, हसुली, बिछिया, चांदी के सिक्के तथा सोने की अंगूठी, लॉकेट और मंगलसूत्र सहित चोरी गए अधिकांश आभूषण बरामद कर लिए गए। पुलिस ने बताया कि मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक अर्चना द्विवेदी, उपनिरीक्षक अभिषेक पाण्डेय, प्रियंका मिश्रा, प्रधान आरक्षक अरुणेन्द्र पटेल, पंकज सिंह एवं आरक्षक भोले लोधी की सराहनीय भूमिका रही।