एनएच-39 पर फिर पलटा बल्कर, सजहर-खाखन पुल बना हादसों का केंद्र
चालक सुरक्षित, लगातार हो रहे हादसों से सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
सिंगरौली राष्ट्रीय राजमार्ग-39 पर स्थित देवसर क्षेत्र के सजहर-खाखन पुल पर शुक्रवार दोपहर करीब 3:30 बजे एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। तेज रफ्तार से गुजर रहा एक बल्कर वाहन अनियंत्रित होकर पुल पर पलट गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए चालक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। राहत की बात रही कि इस दुर्घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।
स्थानीय लोगों के अनुसार, सजहर-खाखन पुल का यह हिस्सा लंबे समय से दुर्घटनाओं का केंद्र बना हुआ है। यहां आए दिन भारी वाहन अनियंत्रित होकर पलट जाते हैं, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों की सुरक्षा पर लगातार खतरा बना रहता है। इसके बावजूद अब तक दुर्घटनाओं के वास्तविक कारणों का स्थायी समाधान नहीं किया गया है।
लगातार हो रही दुर्घटनाओं ने सड़क की गुणवत्ता, सुरक्षा मानकों और संबंधित विभागों की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। क्षेत्रवासियों ने प्रशासन एवं राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण से पुल और सड़क का तकनीकी सर्वे कराकर दुर्घटनाओं के कारणों की जांच कराने तथा आवश्यक सुरक्षा उपाय, संकेतक और सुधारात्मक कार्य तत्काल कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे और जनहानि से बचा जा सके।
