72 दिनों बाद फिर से सिंगरौली आ रहे भाजपा प्रदेशाध्यक्ष
भाजपा जिलाध्यक्ष वीरेन्द्र गोयल के कार्यकाल में प्रदेशाध्यक्ष का यह दूसरा दौरा, 3 अगस्त को कार्यकर्ताओं को करेंगे संबोधित
सिंगरौली 1 सितम्बर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष एवं खजुराहो सांसद वीडी शर्मा 72 दिनों बाद कल 2 सितम्बर की शाम चितरंगी पहुंचेंगे। जहां रात्रि विश्राम करने के पश्चात दूसरे दिन 3 सितम्बर को जिला पार्टी कार्यालय में कार्यकर्ताओं की बैठक लेकर संबोधित करेंगे। भाजपा जिलाध्यक्ष वीरेन्द्र गोयल के कार्यकाल में प्रदेशाध्यक्ष का यह दूसरा दौरा है। जहां प्रदेशाध्यक्ष के आगमन को लेकर अभूतपूर्व तैयारी की जा रही है।
भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष वीरेंद्र गोयल द्वारा प्रदेशाध्यक्ष के तय कार्यक्रम की आधिकारिक घोषणा कर दी गई है। तय कार्यक्रम के अनुसार प्रदेशाध्यक्ष कल 2 सितम्बर को अपराह्न सिंगरौली जिले की सीमा में प्रवेश करेंगे। जहां जिले की सीमा पर जिलाध्यक्ष वीरेंद्र गोयल के नेतृत्व में जिले के समस्त विधायक, जन प्रतिनिधि, पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उनकी अगवानी करेंगे। प्रदेशाध्यक्ष के साथ प्रदेश महामंत्री एवं संभागीय संगठन प्रभारी रणवीर सिंह रावत, प्रदेश उपाध्यक्ष कांतदेव सिंह, सांसद रीती पाठक तथा जिला संगठन प्रभारी विनोद यादव भी रहेंगे। जिला सह मीडिया प्रभारी नीरज सिंह परिहार ने बताया कि प्रदेशाध्यक्ष कर्थुआ होते हुये चितरंगी पहुंचेंगे। जहां प्रदेशाध्यक्ष भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष कांतदेव सिंह के खटाई निवास पर पहुंच रात्रि भोज में शामिल होंगें। प्रदेशाध्यक्ष अगले दिन 3 सितम्बर को प्रात: 8 बजे विधायक चितरंगी अमर सिंह के निवास पर कार्यकर्ताओं की बैठक करेंगे। बैठक के उपरांत प्रदेशाध्यक्ष चितरंगी से कसर होते हुये बरगवां के लिये प्रस्थान करेंगे। जहां जगह-जगह पर स्थानीय कार्यकर्ताओं द्वारा उनका स्वागत अभिनन्दन किया जायेगा। बरगवां में प्रदेशाध्यक्ष देवसर विधायक सुभाष वर्मा के कार्यालय परिसर में स्थानीय कार्यकर्ताओं से मिलेंगे तथा उनकी बैठक को संबोधित करेंगे। बैठक उपरांत प्रदेशाध्यक्ष बरगवां से बैढऩ के लिये प्रस्थान करेंगे। जहां परसौना तिराहे पर स्थानीय कार्यकर्ताओं द्वारा उनका स्वागत किया जायेगा। तत्पश्चात प्रदेशाध्यक्ष प्रात: 10.30 बजे बैढऩ स्थित सत्या होटल में भाजपा पार्षद दल की बैठक को संबोधित करेंगे। पार्षद दल की बैठक के उपरांत प्रदेशाध्यक्ष क ा 11.30 बजे भारतीय जनता पार्टी कार्यालय पर आगमन होगा जहां समस्त जनप्रतिनिधियों एवं पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा प्रदेशाध्यक्ष का स्वागत किया जायेगा तथा प्रदेशाध्यक्ष कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करेंगे। कार्यकर्ताओं के सम्मेलन को संबोधित करने के बाद प्रदेशाध्यक्ष अपराह्न 12.30 बजे विंध्यनगर स्थित होटल नीलम पैलेस में प्रेस वार्ता को संबोधित करेंगे। इसके उपरांत प्रदेशाध्यक्ष का विंध्यनगर स्थित सूर्या भवन आगमन होगा जहां अपराह्न 2 बजे प्रदेशाध्यक्ष नवगठित नगर पंचायत बरगवां एवं सरई से सम्बंधित महत्त्वपूर्ण बैठक को संबोधित करेंगे तथा जिले के समस्त जनप्रतिनिधि, पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से चर्चा करेंगे। स्थानीय कार्यक्रमों के सम्पन्न होने के पश्चात प्रदेशाध्यक्ष सायं सड़क मार्ग से रीवा के लिये प्रस्थान करेंगे।
००००००००००
कार्यकर्ताओं में भरेंगे जोश,तैयारी जोरों पर
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष के आगमन को लेकर इस बार कार्यकर्ता उत्साहित हैं। नगरीय निकाय एवं पंचायत चुनाव में मिली करारी शिकस्त के बाद निराश कार्यकर्ताओं में जोश भरने का काम करेंगे, ताकि आगामी चुनाव में कार्यकर्ता जोश-खरोश के साथ पार्टी के मिशन में जुट जायें। वहीं आगामी दिनों में नवगठित नगर पंचायत बरगवां एवं सरई चुनाव को लेकर कार्यकर्ताओं को टिप्स भी देंगे। साथ ही कार्यकर्ताओं का मन भी टटोलेंगे। कार्यकर्ता सम्मेलन को लेकर भाजपा जिलाध्यक्ष वीरेन्द्र गोयल के द्वारा व्यापक तैयारी की जा रही है। साथ ही प्रदेशाध्यक्ष के अभूतपूर्व स्वागत के लिए भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता जुट गये हैं।