कांजी हाउस व गौशाला का पता नहीं,मवेशी सड़क पर शहर के मुख्य सड़कों पर शाम ढलते ही आवारा पशुओं का लग जाता है जमघट, रोज हो रही हैं सड़क दुर्घटनाएं, ननि अमले की सुस्त कार्यप्रणाली पर तरह-तरह के सवाल

कांजी हाउस व गौशाला का पता नहीं,मवेशी सड़क पर
शहर के मुख्य सड़कों पर शाम ढलते ही आवारा पशुओं का लग जाता है जमघट, रोज हो रही हैं सड़क दुर्घटनाएं, ननि अमले की सुस्त कार्यप्रणाली पर तरह-तरह के सवाल

सिंगरौली 5 अगस्त। नगर निगम क्षेत्र के शहरी क्षेत्र में कांजी हाउस व गौशाला का पता नहीं। जिसके चलते शहर के सभी मुख्य सड़कों पर आवारा पशुओं का कब्जा हो जाता है। जिससे सड़कों से निकलने वाले दो,चार पहिया वाहनों की दुर्घटना की खबरें आती रहती हैं। इसके साथ ही वाहनों के टक्कर लगने के कारण आये दिन पशुओं की भी मौत होती रहती है। लेकिन नगर निगम प्रशासन की उदासीनता ही मानी जायेगी कि आज तक आवारा पशुओं के लिए काजी हाउस तथा गौशाला का पता नहीं है। जहां इन आवारा पशुओं को ले जाकर छोड़ा जा सके।
शहर के सभी मुख्य मार्गों पर शाम ढलते ही आवारा पशुओं का जमघट लग जाता है। जिससे दो,चार पहिया वाहन चालक इन पशुओं की वजह से दुर्घटनाग्रस्त हो जाते हैं और घायल होने के साथ-साथ कई बार मौत भी हो जाती है। लेकिन नगर निगम प्रशासन नींद से जागने का नाम नहीं ले रहा है। इतना ही नहीं सड़कों पर दौड़ते वाहनों के कारण कई बार बेजुवान आवारा पशुओं की मौत आये दिन होती रहती है। शहर के सभी मुख्य मार्गों माजनमोड़, बिलौंजी, बैढऩ, विन्ध्यनगर, नवजीवन विहार, जयंत , परसौना, मोरवा सहित अन्य स्थानों की सड़कों पर शाम के वक्त आवारा पशुओं का मेला जैसे नजारा देखने को मिलता रहता है। जिससे सड़कों पर चलने वाले वाहन चालकों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। इसके लिए कई बार लोगों द्वारा इन आवारा पशुओं को काजी हाउस व गौशाला में ले जाकर छोडऩे की मांग की जा चुकी है। लेकिन नगर निगम अमला लोगों की इस मांग को दर किनार करते हुए अपने चाल में मस्त है। लोगों की इस मांग को नगर निगम प्रशासन ने गंभीरता से नहीं लिया है। जिसका नतीजा है कि करीब सवा तीन सौ से अधिक सड़क दुर्घटनाएं हो गयी हैं। जिसमें से कुछ ऐसी दुर्घटनाएं हैं जो मवेशियों की वजह से हुई हैं। लेकिन नगर निगम प्रशासन इस पर ध्यान नहीं दे रहा है।
०००००
अक्सर वाहन से टकराते हैं मवेशी
नगर निगम प्रशासन की लापरवाही के कारण लगातार शहरी क्षेत्र में आवारा पशुओं की मौत हो रही है। इसका मुख्य कारण शहर के सभी मुख्य सड़कों पर आवारा पशुओं का स्वतंत्र रूप से विचरण करना है। नगर निगम प्रशासन से लोग कई बार इन आवारा पशुओं को काजी हाउस तथा गौशाला में छोडऩे की मांग कर चुके हैं। लेकिन आज तक नगर निगम प्रशासन लोगों की मांग को दरकिनार करता चला आ रहा है।