हाई कोर्ट का हस्तक्षेप: पटवारियों का धरना समाप्त पटवारी संघ जिलध्यक्ष ने कहा हम हाई कोर्ट के आदेशों का सम्मान करते हैं
सिंगरौली 27 अगस्त। म.प्र. पटवारी संघ हड़ताल के आज शुक्रवार को 18 वें दिन जिले के पटवारियों ने हाईकोर्ट के आदेशों का सम्मान करते हुए अपने बेमियादी हड़ताल को समाप्त कर दिया है।
ज्ञात हो कि प्रदेश के आह्वान पर म.प्र.पटवारी संघ अपने तीन सूत्रीय मांगों को लेकर पिछले 18 दिनों से बेमियादी हड़ताल पर थे। पटवारियों के इस हड़ताल से राजस्व संबंधी कामकाज पूरी तरह से प्रभावित होने के साथ-साथ भूमि स्वामी भी परेशान हो गये थे। यहां तक की छात्र-छात्राओं के जाति,निवास प्रमाण पत्र भी नहीं बन पा रहे थे। वहीं गिरदावली सर्वे का काम भी बंद था। पटवारियों के इस हड़ताल का असर व्यापक पैमाने पर दिख रहा था। तो वहीं आज उच्च न्यायालय जबलपुर ने एक याचिका सुनवाई के दौरान विद्वान न्यायाधीश ने पटवारियों के हड़ताल के मामले में हस्तक्षेप करते हुए तीन दिवस के अंदर पटवारियों का एक प्रतिनिधि मण्डल बनाकर 60 दिनों के अंदर प्रदेश सरकार को निराकरण करने का निर्देश दिया गया है। न्यायालय के उक्त आदेश के परिपालन में म.प्र.पटवारी संघ के प्रदेशाध्यक्ष के आह्वान पर सिंगरौली के पटवारियों ने भी अपना धरना प्रदर्शन आज शुक्रवार की देर शाम समाप्त कर दिया है। सिंगरौली पटवारी संघ के जिलाध्यक्ष प्रभाकर सिंह ने बताया कि म.प्र.पटवारी संघ 2007 से लेकर अब तक कई बार केवल तीन सूत्रीय मांगों को लेकर धरना प्रदर्शन कर चुके हैं। सरकार से केवल झूठा आश्वासन मिला है। आज माननीय उच्च न्यायालय के द्वारा जो दिशा निर्देश मिला है उसका संगठन सम्मान करते हुए हम लोग अपना आंदोलन धरना प्रदर्शन आज समाप्त कर दे रहे हैं। न्यायालय का निर्देश हमारे लिए सर्वोपरि है। जिलाध्यक्ष ने हड़ताल का समर्थन करने वाले कर्मचारी संगठनों एवं पटवारियों को धन्यवाद देते हुए आभार व्यक्त किया है। इस अवसर पर प्रदीप तिवारी, उमेश नामदेव, कशिश द्विवेदी,धीरेश त्रिपाठी, अम्ब्रीश मिश्रा, देवीदीन यादव सहित भारी संख्या में पटवारी मौजूद रहे।