ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों पर पुलिस की सख्ती: टीकमगढ़ में 219 वाहनों की जांच

ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों पर पुलिस की सख्ती: टीकमगढ़ में 219 वाहनों की जांच

विशेष अभियान में 45 वाहनों पर कार्रवाई,14 हजार का जुर्माना वसूला

 

टीकमगढ़। जिले में सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन को सख्ती से सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पुलिस द्वारा एक विशेष वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य त्योहारों के दौरान बढ़ने वाली आवाजाही में सुरक्षा बनाए रखना और संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी रखना था।

अभियान के तहत जिले के विभिन्न प्रमुख मार्गों, बस स्टैंड, बाजार क्षेत्रों और चौराहों पर वाहनों की गहन जांच की गई। इस दौरान 219 वाहनों की जांच की गई, जिनमें से 45 वाहनों पर नियमों के उल्लंघन पाए जाने पर कुल 14,100 का चालान किया गया।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विक्रम सिंह कुशवाह और एसडीओपी टीकमगढ़/जतारा के मार्गदर्शन में यह व्यापक अभियान संचालित किया गया। पुलिस बल ने दोपहिया और चारपहिया वाहनों के चालकों को यातायात नियमों का पालन करने, हेलमेट और सीट बेल्ट के उपयोग की अनिवार्यता, तथा तेज गति व नशे में वाहन चलाने से होने वाले खतरों के प्रति जागरूक किया।

पुलिस अधीक्षक मनोहर सिंह मंडलोई ने कहा कि यातायात नियमों का पालन केवल दंड से बचने का माध्यम नहीं, बल्कि हर परिवार की सुरक्षा और खुशहाली से जुड़ा एक दायित्व है। यह पहल लोगों को अनुशासित यातायात और सुरक्षित जीवन के प्रति जागरूक करने का प्रयास है।

टीकमगढ़ पुलिस ने पुनः स्पष्ट किया कि आगे भी ऐसे औचक वाहन चेकिंग अभियान लगातार जारी रहेंगे। उद्देश्य केवल चालान करना नहीं, बल्कि लोगों में सड़क सुरक्षा की आदत विकसित कर दुर्घटनाओं को रोकना है।