नो फ्लाई ऐश ट्रांसपोर्ट जोन में घुसे सात वाहन
यातायात पुलिस ने खड़ा कराया थाने में
सिंगरौली जिले के बैढ़न मुख्यालय से गुजरने वाले विंध्यनगर सड़क मार्ग पर प्रतिबंध के बावजूद फ्लाई ऐश का परिवहन जारी है। यातायात पुलिस ने आज इस पर कार्यवाही करते हुए सात बल्कर वाहन जप्त किया है। यातायात थाना प्रभारी दीपेंद्र सिंह ने बताया कि कलेक्टर चंद्रशेखर शुक्ला ने साफ तौर पर इस बात का आदेश जारी किया है कि विंध्यनगर सड़क मार्ग पर किसी भी तरह से कोयला का परिवहन नहीं किया जाएगा, इसके अलावा फ्लाई ऐश का परिवहन भी पूरी तरह से यहां प्रतिबंधित है। बावजूद उसके कुछ ट्रांसपोर्ट संचालक चोरी छुपे यहां से फ्लाई ऐश का परिवहन कर रहे थे, ऐसे ही वाहनों को आज पकड़ा गया है और उन पर जुर्माने की कार्यवाही की जा रही है। थाना प्रभारी ने यह भी कहा की जो प्रतिबंधात्मक आदेश जारी है उनका पालन हर हाल में करना पड़ेगा अन्यथा इसी तरह की कार्यवाही होगी। यहां आपको बता दें की सिंगरौली शहर के बीचो-बीच गुजरने वाले इस सड़क मार्ग पर अगर फ्लाई ऐश का परिवहन होता है तो उसका प्रदूषण शहर में फैला है। इसी के मद्दे नजर इस रूट को नो फ्लाई ऐश ट्रांसपोर्ट जोन घोषित किया गया है