केंद्रीय मंत्री श्री राजीव रंजन सिंह ने आज कृषि भवन परिसर में विशेष स्वच्छता अभियान में भाग लिया
मत्स्य विभाग द्वारा स्वच्छता ही सेवा अभियान 2024 का सफलतापूर्वक समापन
केंद्रीय मत्स्यपालन, पशुपालन और डेयरी तथा पंचायती राज मंत्री श्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह ने आज नई दिल्ली में कृषि भवन परिसर में विशेष सफाई अभियान में भाग लिया। इस विशेष सफाई अभियान में दोनों मंत्रालयों के अधिकारियों ने भी सक्रिय रूप से भाग लिया। भारत के सबसे महत्वपूर्ण जनांदोलनों में से एक स्वच्छ भारत मिशन की 10वीं वर्षगांठ पर स्वच्छ भारत दिवस के उपलक्ष्य में कृषि भवन में यह विशेष सफाई अभियान चलाया गया।
इसके साथ ही मत्स्य पालन विभाग ने स्वच्छता ही सेवा अभियान 2024 को सफलतापूर्वक पूरा कर लिया है। इससे मत्स्य पालन क्षेत्र में स्वच्छता और पर्यावरणीय स्थिरता को बढ़ावा देने के लिए अपनी दृढ़ प्रतिबद्धता की पुष्टि हुई है। 17 सितंबर से 01 अक्टूबर तक चलाए गए इस अभियान में अधिकारियों , कर्मचारियों और क्षेत्र के प्रमुख हितधारकों की उत्साहपूर्ण भागीदारी देखी गई। इसमे स्वच्छता अभियान, जागरूकता गतिविधियों और पर्यावरण संरक्षण प्रयासों पर ध्यान केंद्रित किया गया।
17 सितंबर को मत्स्य पालन विभाग के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों ने क्षेत्रीय इकाइयों के साथ मिलकर स्वच्छता शपथ ली और अपने आसपास के वातावरण में स्वच्छता बनाए रखने तथा भावी पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और हरित वातावरण को बढ़ावा देने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।