पत्नी पर चरित्र शंका करने वाले हैवान पति ने महिला के पार्ट को सुई धागे से सिला बंधौरा पुलिस चौकी क्षेत्र के रैला गांव की वारदात, पीडि़त महिला ने पति पर दिखाई दरियादिली
सिंगरौली 27 अगस्त। पत्नी पर चरित्र शंका करने वाले एक हैवान पति ने महिला के प्राइवेट पार्ट को सुई धागे से सिल दिया। पीडि़त महिला एएसपी के यहां पहुंच शिकायत दर्ज कराते हुए क्रूर पति पर दरियादिली दिखाते हुए कहा कि साहब पति को समझा बुझा व डांट फटकार लगाकर छोड़ दीजिए। कोई केस न लगायें। इस हैवानियत की इंतहा चरित्र संदेह में पति की हरकत सुनकर रूह कांप उठेगी। असहनीय पीड़ा सहने के बावजूद पीडि़त महिला पति पर कोई आपराधिक प्रकरण दर्ज नहीं कराना चाहती। यह वारदात माड़ा थाना क्षेत्र के पुलिस चौकी बंधौरा अंतर्गत रैला गांव की है।
जानकारी के अनुसार रैला गांव में मानवता को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। जहां अपनी पत्नी पर चरित्र शंका करने वाले हैवान 55 वर्षीय अधेड़ पति ने महिला के प्राइवेट पार्ट को सुई धागे से सिल दिया। पीडि़त महिला के मुताबिक पति को शक था कि उसकी पत्नी के किसी से नाजायज संबंध हैं। इस घटना के बाद पति के चंगुल से छूटकर चौकी बंधौरा पहुंच पति के खिलाफ कठोर कार्रवाई न करने की पुलिस से आग्रह की।
००००००
पत्नी ने पति पर दिखाई दरियादिली
मानवता को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आने व अमानवीय कृत्य के बावजूद महिला का पति से गहरा प्रेम नजर आया है। चौकी व एएसपी के यहां पहुंची महिला ने पति से दर्द मिलने के बाद भी पुलिस से कहा कि पति को सिर्फ डांटकर छोड़ देना, जिससे फिर वह ऐसा नहीं करे। पुलिस ने पति के खिलाफ केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार महिला की उम्र 45 साल है। उसका पति कोई साधारण कार्य करता है। महिला का मेडिकल परीक्षण कराया गया। महिला की हालत ठीक बतायी जा रही है। उसे घर भेज दिया गया।
००००००
आरोपी की तलाश जारी: एएसपी
इस संबंध में सिंगरौली अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनकर का कहना है कि मामला माड़ा थाना क्षेत्र के बंधौरा चौकी का है। पति अपनी पत्नी पर चरित्र संदेह करता था। इसी शक में उसने घटना को अंजाम दिया है। फिलहाल पीडि़ता को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन महिला की हालत ठीक है। उसकी शिकायत पर आरोपी की तलाश की जा रही है। साथ ही महिला के पति के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध किया गया है।