सिंगरौली – कांग्रेस नेता राजू सिंह आए भास्कर मिश्रा के समर्थन में पुलिस से हुआ नोक झोंक
सिंगरौली में कांग्रेस नेता भास्कर मिश्रा और उनके 5 समर्थकों की गिरफ्तारी से तनाव का माहौल बन गया है। मिश्रा परसोना इलाके में सड़क जाम करने पहुँचे थे। उन्होंने इस विरोध प्रदर्शन की घोषणा 15 दिन पहले ही कर दी थी।
भास्कर मिश्रा का कहना है कि शहर में अनियंत्रित यातायात के कारण लगातार दुर्घटनाएँ हो रही हैं। ज़िला प्रशासन इन दुर्घटनाओं को रोकने में नाकाम रहा है। इसी के विरोध में उन्होंने विरोध प्रदर्शन करने का फ़ैसला किया था।
मौके पर तैनात पुलिस ने मिश्रा और उनके साथियों को गिरफ़्तार कर लिया और पचोर स्थित पुलिस लाइन ले गई। गिरफ़्तारी की खबर मिलते ही कांग्रेस कार्यकर्ता और मिश्रा समर्थक पुलिस लाइन पहुँच गए। वहाँ 100 से ज़्यादा लोग जमा हो गए।
पूर्व ज़िला पंचायत सदस्य और कांग्रेस नेता राजू सिंह भी मौके पर पहुँच गए। उन्होंने मांग की कि या तो भास्कर मिश्रा को रिहा किया जाए या सभी प्रदर्शनकारियों को गिरफ़्तार किया जाए। इस दौरान समर्थकों और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की भी हुई। पुलिस अधिकारी इस मामले पर कोई टिप्पणी नहीं कर रहे हैं।