सरई। रविवार को शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सरई की कक्षा 12वीं विज्ञान वर्ग की छात्राओं ने शैक्षिक भ्रमण के माध्यम से विज्ञान और प्रकृति का अद्भुत अनुभव प्राप्त किया। यह प्रेरणादायक यात्रा विद्यालय के प्राचार्य ललित कुमार द्विवेदी के मार्गदर्शन में आयोजित हुई। इस शैक्षिक यात्रा का पहला पड़ाव था शासकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज, पचौर। यहां छात्राओं ने पॉलिटेक्निक कॉलेज में प्रवेश की प्रक्रिया, आवश्यक अर्हताओं, उपलब्ध शाखाओं, और उनमें संभावित करियर मार्गदर्शन के बारे में विस्तार से जानकारी प्राप्त की। छात्राओं ने कॉलेज की प्रयोगशालाओं में आधुनिक यंत्रों और मशीनों का अवलोकन किया। मशीनों की कार्यप्रणाली और उनके उपयोग ने छात्राओं के भीतर विज्ञान के प्रति नई रुचि और उत्साह का संचार किया। हॉस्टल सुविधाओं और कैंपस चयन प्रक्रिया की जानकारी ने उनके भविष्य की योजनाओं को एक नई दिशा प्रदान की। कॉलेज भ्रमण के बाद छात्राओं ने बुद्ध टेंपल और नेहरू पार्क, विंध्यनगर का भी दीदार किये। यहां प्रकृति की अनमोल सुंदरता और शांति ने उनके मन-मस्तिष्क को तरोताजा कर दिया। हरे-भरे पेड़ों, रंग-बिरंगे फूलों और प्राकृतिक सौंदर्य के विभिन्न रंगों को देखकर छात्राएं मंत्रमुग्ध हो गईं। इस अनुभव ने उन्हें न केवल शिक्षा के क्षेत्र में बल्कि प्रकृति के प्रति भी संवेदनशील बनाया। इस यात्रा में विद्यालय के शिक्षक माखनलाल, रामवती सिंह, रोशनी गुप्ता, और शिवरंजन गुप्ता ने भी सहभागिता की। प्राचार्य श्री द्विवेदी ने बताया कि इस भ्रमण का उद्देश्य छात्राओं में विज्ञान के प्रति रुचि बढ़ाना और उन्हें मशीनों और तकनीकों से परिचित कराना था। छात्राओं ने इस शैक्षिक भ्रमण का भरपूर आनंद लिया और इसे अपने जीवन का अविस्मरणीय अनुभव बताया।
शैक्षिक यात्रा: विज्ञान तकनीक और प्रकृति से जुड़ाव का अनूठा अनुभव
Pradeep Tiwari
मैं, प्रदीप तिवारी, पिछले 10 वर्षों से पत्रकारिता से जुड़ा हूँ। सबसे पहले, मैं एक स्थानीय समाचार चैनल में एक रिपोर्टर के रूप में शामिल हुआ और फिर समय के साथ, मैंने लेख लिखना शुरू कर दिया। मुझे राजनीति और ताज़ा समाचार और अन्य विषयों से संबंधित समाचार लिखना पसंद है।
For Feedback - urjadhaninews1@gmail.com